मथुरा में चढ़ावे पर जांच की मांग तेज, फलाहारी बाबा ने सीएम योगी को खून से लिखा पत्र
Mathura News: अयोध्या में श्री राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर चल रही जांच और विवाद के बीच अब मथुरा के श्री कृष्ण जन्मस्थान पर भी चढ़ावे को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। हिंदूवादी नेता दिनेश फलाहारी बाबा ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान के चढ़ावे की सीबीआई जांच की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया है कि जिस तरह अयोध्या में गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं, उसी तरह मथुरा में भी दान की राशि में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हो रही हैं। इस पूरे मामले ने धार्मिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर नया विवाद खड़ा कर दिया है।
मंदिर दानपात्र में गड़बड़ी के लगाए गए गंभीर आरोप
दिनेश फलाहारी बाबा, जो श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के संस्थापक और अदालत में इस मामले के पक्षकार भी हैं, उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को खून से लिखी चिट्ठी भेजकर सीबीआई जांच की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि कई वर्षों से मंदिर के दानपात्रों में गड़बड़ी की जा रही है और दान की राशि, आभूषण और अन्य कीमती वस्तुओं का दुरुपयोग हो रहा है।
उनके अनुसार, दानपात्र खोलते समय सीसीटीवी कैमरे तक बंद कर दिए जाते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग पहले साधारण जीवन जीते थे, लेकिन अब करोड़ों की गाड़ियों और बड़ी संपत्तियों के मालिक बन गए हैं। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री इस पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराएं, अन्यथा वे इलाहाबाद हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावे की जांच तेज
दूसरी ओर अयोध्या में श्री राम मंदिर चढ़ावे को लेकर चल रही जांच भी तेज हो गई है। SIT टीम पिछले दो दिनों में करीब 19 घंटे तक मंदिर परिसर में मौजूद रही और दानपात्रों की पूरी प्रक्रिया की जांच की। जांच के दौरान दान निकालने, गिनती और रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था को बारीकी से परखा गया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

