राम मंदिर दान विवाद को भुनाने में जुटी सपा, पोस्टर के जरिए सीएम योगी पर बोला तीखा हमला

Lucknow News: अयोध्या के राम मंदिर में दानपेटी से कथित चोरी का मामला अब उत्तर प्रदेश की राजनीति का केंद्र बन गया है। समाजवादी पार्टी ने इस मुद्दे को भाजपा के खिलाफ हथियार बना लिया है और आगामी विधानसभा चुनाव में इसे प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में जुट गई है।

27 में आ रहे हैं अखिलेश, सपा दफ्तर के बाहर पोस्टर

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यालय के बाहर एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भगवान राम की मूर्ति के साथ दिखाया गया है और उस पर लिखा है- 27 में आ रहे हैं अखिलेश। पोस्टर में राम मंदिर दानपेटी में कथित चोरी का जिक्र कर भाजपा पर निशाना साधा गया है।

अयोध्या महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र

सपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर हमलावर रुख अपनाया है। उन्होंने लिखा कि अयोध्या महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगी। यहीं भाजपाई राजनीति का आरंभ हुआ था, यहीं अंत भी होगा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चढ़ावे-चंदे-दान में कथित चोरी की घटना के बाद अयोध्या में दर्शनार्थियों की संख्या पर नकारात्मक असर पड़ा है और लोगों की आस्थाएं खंडित हुई हैं। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर स्थानीय काम-कारोबार और आम लोगों की आमदनी पर पड़ा है और सरकार की गलती का खामियाजा जनता क्यों भुगते।

अखिलेश यादव ने जांच में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि जांच की स्थिति की नियमित ब्रीफिंग होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में हो रहे भ्रष्टाचार के कारण जनता का एसआईटी पर रत्ती भर भी विश्वास नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय लोग मंदिर जाने से घबरा रहे हैं कि कहीं उन्हें ही जांच के नाम पर न फँसा दिया जाए। इसके अलावा, अखिलेश ने मथुरा के श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर में भी दान प्रबंधन में अनियमितताओं की खबरों पर ध्यान देने की बात कही है।

Also Read: Mainpuri News: मैनपुरी में दो मासूम बहनों की सेप्टिक टैंक में मिली लाश, गांव में पसरा मातम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.