बंगाल अब बेड़ियों से आजाद, पश्चिमबंग दिवस पर पीएम का बड़ा संदेश
West Bengal Day: पश्चिम बंगाल दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को तारकेश्वर में एक बड़ा कार्यक्रम संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में चल रहे विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की हवा में अब नई ताजगी महसूस हो रही है और यहां हर तरफ बदलाव की खुशबू दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे बंगाल अब पुरानी बेड़ियों से मुक्त होकर नए भविष्य की ओर बढ़ रहा है। पीएम ने दावा किया कि राज्य में विकास और विश्वास का नया दौर शुरू हो चुका है।
किसानों और रेलवे प्रोजेक्ट्स को मिली नई सौगात
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कई योजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी की और पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत की। इसके साथ ही हावड़ा में संकरैल-संतरागाछी लिंक लाइन परियोजना को देश को समर्पित किया गया। हावड़ा में 300 बेड वाले नए रेलवे अस्पताल की नींव रखी गई और पूर्व मेदिनीपुर में रोड ओवर ब्रिज का शिलान्यास किया गया।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि बंगाल को पाकिस्तान में मिलाने की कोशिशें हुई थीं, लेकिन श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे नेताओं ने इसका विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी के शासन में बंगाल की असली पहचान कमजोर हुई और विकास रुक गया।
सिंडिकेट राज खत्म होने का पीएम ने किया दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि अब राज्य में “कटमनी” और सिंडिकेट जैसी व्यवस्थाएं खत्म हो रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगी है और लोग बिना डर के जीवन जी रहे हैं। पीएम ने कहा कि बंगाल अब रुकेगा नहीं बल्कि नया इतिहास लिखेगा। उन्होंने लोगों से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में बड़े पैमाने पर भाग लेने की अपील भी की।

