सिद्धार्थनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, गैंगस्टर एक्ट के 2 वांछित बदमाश गिरफ्तार
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर थाना त्रिलोकपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण अभियान का हिस्सा है।
चिताही तिराहे से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हरेकृष्ण उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। उपनिरीक्षक अमित कुमार शाही और उनकी टीम ने चिताही तिराहे से मु.अ.सं. 134/2026 के तहत गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामला उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम की धारा 2(ख) उपधारा-1 एवं 3(1) से संबंधित है।
दोनों आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगतराम पुत्र राम नेवास, निवासी बनकटी, थाना भवानीगंज, सिद्धार्थनगर और सुनील गुप्ता पुत्र मोहन लाल, निवासी रसूलाबाद, थाना गैडास बुजुर्ग, बलरामपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया।
इस गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक अमित कुमार शाही (प्रभारी चौकी बिस्कोहर), हेड कांस्टेबल अदनान शेख और आरक्षी धर्मेंद्र कुमार गोंड की अहम भूमिका रही।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: सिद्धार्थनगर में अंतिम संस्कार के दौरान बड़ा हादसा, बानगंगा नदी में डूबे 3 युवक, रेस्क्यू जारी

