26 दिन के अनशन का हुआ अंत, सरकार से बातचीत के बाद सोनम वांगचुक का बड़ा फैसला

Sonam Wangchuk Ends Hunger Strike: NEET परीक्षा और पेपर लीक विवाद को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिन बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया। गुरुवार देर रात हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में उन्होंने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में जूस पीकर भूख हड़ताल खत्म की। इस दौरान उनकी पत्नी गीतांजलि और लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

हालांकि, वांगचुक ने साफ किया कि उन्होंने बिना शर्त अनशन नहीं तोड़ा है। उनका कहना है कि लंबी बातचीत और कुछ महत्वपूर्ण आश्वासनों के बाद ही उन्होंने यह फैसला लिया। उन्होंने यह भी कहा कि समझौते की शर्तों का खुलासा वह जल्द एक अलग वीडियो जारी कर करेंगे।

‘देश में हिंसा न हो, इसलिए लिया फैसला’

अनशन खत्म (Sonam Wangchuk Ends Hunger Strike) करने के बाद सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना पहला संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि देश के अलग-अलग राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात की या पत्र लिखकर अनशन खत्म करने की अपील की थी।

उन्होंने कहा कि देश में बढ़ते तनाव और संभावित हिंसा को देखते हुए उन्होंने बातचीत के बाद अनशन समाप्त करने का फैसला लिया। साथ ही लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की हिंसा से दूर रहें और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें।

सोनम वांगचुक ने 28 जून को NEET पेपर लीक के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में अनशन शुरू किया था। इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर पहले उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज चलता रहा।

मोदी सरकार का नया संदेश भी आया सामने

Sonam Wangchuk के अनशन खत्म होने से कुछ घंटे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक पर बड़ा वीडियो संदेश जारी किया। पीएम ने कहा कि सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट, कड़ी सजा और नए कानून से जुड़ा मसौदा कैबिनेट के सामने रखेगी, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसे मामलों पर सख्त कार्रवाई हो सके।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य छात्रों का भविष्य सुरक्षित करना है और दोषियों को जल्द सजा दिलाने के लिए कानूनी व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाएगा।

Also Read: NEET विवाद के बीच शिक्षा मंत्रालय में एक्शन, उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी को हटाया गया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.