अतीक परिवार की 345 करोड़ की संपत्ति कुर्क, गाजीपुर में मुख्तार की पत्नी अफशां पर FIR दर्ज
Ghazipur News: उत्तर प्रदेश में माफियाओं के आपराधिक साम्राज्य और उनके परिजनों के खिलाफ योगी सरकार की पुलिस का कड़ा रुख जारी है। पुलिस ने एक तरफ जहाँ प्रयागराज में मृत माफिया अतीक अहमद, उसकी फरारी काट रही पत्नी शाइस्ता परवीन और भाई अशरफ की गैंगस्टर एक्ट के तहत लगभग 345 करोड़ रुपये की 18 संपत्तियों को कुर्क किया है, वहीं दूसरी तरफ गाजीपुर में मुख्तार अंसारी की फरार पत्नी अफशां अंसारी पर नया मामला दर्ज किया गया है।
असलहा फाइलों के गायब होने पर अफशां पर केस
गाजीपुर में मुख्तार अंसारी के IS-191 गैंग के हथियारों की जांच के दौरान भारी अनियमितताएं सामने आई हैं। जांच में पता चला कि मुख्तार की पत्नी अफशां अंसारी के नाम दर्ज शस्त्र लाइसेंस (1054/P-11) से संबंधित खरीद-बिक्री की मूल फाइलें (पत्रावलियां) सरकारी अभिलेखागार से गायब कर दी गई हैं। यही नहीं, इस लाइसेंस पर खरीदी गई रिवॉल्वर (नंबर ABM 4299) का भी कोई अता-पता नहीं चल पा रहा है।
इस साजिश में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने अफशां अंसारी और तत्कालीन दो शस्त्र लिपिकों (बृजनारायण राम और भीष्म सिंह यादव) के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 409, 120B, 419 तथा आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। इससे एक दिन पहले ही मुख्तार के भाई व सपा सांसद अफजाल अंसारी पर भी ऐसी ही कार्रवाई हो चुकी है।
विभिन्न राज्यों तक फैली जांच, 145 हथियारों का खेल
पुलिस की टीमों ने उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, पंजाब और अरुणाचल प्रदेश के जिलाधिकारी कार्यालयों में जाकर पड़ताल की है। अब तक की जांच में सामने आया है कि गैंग के सदस्यों को जारी 51 लाइसेंसों पर 145 असलहों की खरीद-बिक्री की गई थी, जिनमें से कई रिकॉर्ड्स गायब हैं।
अतीक अहमद की 123 करोड़ रुपये की सबसे महंगी कृषि भूमि जब्त
प्रयागराज, कौशांबी और लखनऊ में अतीक अहमद गैंग की सीज की गई संपत्तियों में आवासीय और व्यावसायिक भूखंड, मकान, गाड़ियां और 13 बैंक खाते शामिल हैं। सबसे बड़ी कार्रवाई प्रयागराज के होलागढ़ में स्थित एक कृषि भूमि पर हुई है, जिसका बाजार मूल्य 123.28 करोड़ रुपये आंका गया है। अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन और मुख्तार की पत्नी अफशां अंसारी, दोनों लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं और उनकी तलाश में छापेमारी जारी है।

