Asian Games 2026: कब होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला? जानिए किस शर्त पर आमने-सामने होंगी दोनों टीमें

Sports News: एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट प्रेमियों को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबले का इंतजार रहेगा। हालांकि, दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों की टक्कर शुरुआती दौर में नहीं होगी।

जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के क्रिकेट टूर्नामेंट का शेड्यूल और ड्रा जारी कर दिया गया है, जिसके अनुसार भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत केवल एक खास स्थिति में ही संभव होगी।

एशियन गेम्स 2026 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों की क्रिकेट प्रतियोगिताएं टी20 प्रारूप में खेली जाएंगी। सभी मुकाबलों को आधिकारिक अंतरराष्ट्रीय (International T20) का दर्जा मिलेगा।

महिला प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर और पुरुष प्रतियोगिता 24 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगी।

पुरुष वर्ग में सीधे क्वार्टर फाइनल में उतरेगा भारत

पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को शीर्ष वरीयता (Top Seeding) मिली है। इसी वजह से ये चारों टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।

बाकी चार स्थानों के लिए छह टीमें प्रारंभिक (प्रीलिमिनरी) दौर में मुकाबला करेंगी।

प्रीलिमिनरी राउंड के ग्रुप इस प्रकार हैं:

  • ग्रुप A: अफगानिस्तान, जापान, नेपाल
  • ग्रुप B: हॉन्ग कॉन्ग चीन, मलेशिया, ओमान

दोनों ग्रुप से शीर्ष दो-दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी।

सिर्फ इस शर्त पर होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला

ड्रा के अनुसार भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग हाफ में रखा गया है। इसका मतलब है कि दोनों टीमें क्वार्टर फाइनल या सेमीफाइनल से पहले आमने-सामने नहीं आएंगी।

यदि दोनों टीमें अपने-अपने मुकाबले जीतकर आगे बढ़ती हैं, तो उनकी भिड़ंत सेमीफाइनल या फाइनल में ही संभव होगी। यानी भारत-पाकिस्तान मैच देखने के लिए दोनों टीमों का अंतिम चरण तक पहुंचना जरूरी होगा।

महिला वर्ग में भी फाइनल में ही संभव है टक्कर

महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भी भारत को शीर्ष वरीयता मिली है और टीम सीधे क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान से भिड़ेगी। इस मुकाबले की विजेता टीम का सामना सेमीफाइनल में बांग्लादेश या चीन से होगा।

महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले इस प्रकार हैं:

  • भारत बनाम जापान
  • बांग्लादेश बनाम चीन
  • श्रीलंका बनाम मलेशिया
  • पाकिस्तान बनाम थाईलैंड

ड्रा के अनुसार महिला वर्ग में भी भारत और पाकिस्तान अलग-अलग हिस्से में हैं। ऐसे में दोनों टीमों की टक्कर केवल फाइनल में ही संभव है, बशर्ते दोनों अपनी-अपनी राह में जीत दर्ज करते हुए खिताबी मुकाबले तक पहुंचें।

भारत उतरेगा चैंपियन के रूप में

भारत एशियन गेम्स 2026 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर उतरेगा। इससे पहले क्रिकेट को एशियन गेम्स में गुआंगझू 2010, इंचियोन 2014 और हांगझू 2023 में शामिल किया गया था।

अब एक बार फिर क्रिकेट की वापसी के साथ भारत अपने स्वर्ण पदक का बचाव करने के इरादे से मैदान में उतरेगा, जबकि फैंस की निगाहें संभावित भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर भी टिकी रहेंगी।

Also Read: NEET आंदोलन पर पहली बार बोले सचिन तेंदुलकर, सरकार और समाज से की ये अपील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.