Aligarh News: डॉक्टर से अफेयर के शक में बहू की हत्या, नदी में फेंका शव, सीक्रेट लेटर से सुलझी गुत्थी

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में पांच महीने पहले लापता हुई महिला की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया। पुलिस के अनुसार, ससुराल पक्ष ने बहू की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को काली नदी में फेंक दिया। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज करा दी गई। मामला तब खुला जब एसएसपी नीरज जादौन को एक गोपनीय पत्र मिला, जिसके आधार पर दोबारा जांच शुरू की गई।

पूछताछ में हत्या की बात कबूली

पुलिस जांच में शक महिला के ससुर अजयपाल सिंह पर गया। इसके बाद शुक्रवार को अजयपाल और उसके बेटे प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि 21 फरवरी को विनीता की गला दबाकर हत्या की गई थी और शव को काली नदी में फेंक दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, अजयपाल ने पहले अकराबाद थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्रवधू विनीता घर से जेवर और नकदी लेकर लापता हो गई है। शिकायत में दुवागढ़ (गोपी) निवासी डॉ. सत्येंद्र पर भी शक जताया गया था और दावा किया गया था कि वह विनीता से फोन पर बात करता था।

अवैध संबंधों के शक में हत्या का आरोप

एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में कहा कि उन्हें विनीता और डॉ. सत्येंद्र के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते हत्या की गई। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपियों पर डॉ. सत्येंद्र को जहर देकर मारने का आरोप है। इस मामले में डॉक्टर के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Also Read: महाराजगंज में खेत के पास मिला तेंदुए का शव, गर्दन पर मिले दांतों के निशान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.