YouTube से सीखी ठगी, iPhone से उड़ाए लाखों, नेपाल के कैसीनो में ऐसे ठिकाने लगाते थे पैसे

Balrampur News: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, एक गिरोह ने यूट्यूब वीडियो देखकर साइबर अपराध का तरीका सीखा और लोगों के मोबाइल से सिम निकालकर आईफोन में लगाकर उनके यूपीआई खातों पर कब्जा कर लाखों रुपये उड़ा लिए। ठगी की रकम को नेपाल के चन्द्रौटा स्थित कैसीनो में ऑनलाइन भुगतान के जरिए नकद में बदल दिया जाता था। इस मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

फोटो खींचने के बहाने बदल देते थे सिम

यूपी पुलिस के ऑपरेशन साइ-वज्र के तहत एसपी विकास कुमार के निर्देशन में कोतवाली उतरौला पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई की। यह कार्रवाई अरुण कुमार वर्मा की शिकायत और साइबर पोर्टल पर मिली शिकायतों की जांच के बाद की गई।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी सनी चौरसिया अपने दो नाबालिग साथियों के साथ फोटो खींचने या बातचीत के बहाने लोगों का मोबाइल लेते थे। इसी दौरान सिम निकालकर अपने आईफोन में लगाते और यूपीआई ऐप सक्रिय कर नया पासकोड बना लेते थे। बाद में सिम वापस मोबाइल में लगा देते थे, जबकि यूपीआई की पहुंच उनके आईफोन में बनी रहती थी।

नेपाल के कैसीनो में बदलते थे ठगी के रुपये

जांच में सामने आया कि 28 मई को रवि वर्मा के खाते से 95 हजार रुपये और 3 जुलाई को अरुण वर्मा के खाते से 1 लाख रुपये निकाले गए। दोनों मामलों में 1.65 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने यह तरीका यूट्यूब से सीखा था। वे सेकेंड हैंड आईफोन खरीदते, वारदात के बाद उन्हें बेच देते और नया फोन लेकर फिर ठगी करते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 3 आईफोन, 1 एंड्रॉयड मोबाइल और 24 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन और गिरोह के अन्य सदस्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कितने लोग इस गिरोह का शिकार बने।

Also Read: उद्घाटन के एक महीने में फिर खराब हुई लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की सड़क, NHAI ने 3 इंजीनियर हटाए 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.