टीम इंडिया से विदाई के बाद विदेश में दिखेगा रहाणे का जलवा, मिली बड़ी जिम्मेदारी
Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल और घरेलू क्रिकेट से संन्यास के बाद विदेशी फ्रेंचाइजी क्रिकेट में नई पारी शुरू करने की तैयारी कर ली है।
खबरों के मुताबिक, रहाणे आगामी यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग (ETPL) के पहले सीजन में खेलते नजर आएंगे। उन्हें एम्स्टर्डम फ्लेम्स ने अपना मार्की प्लेयर चुना है।
38 वर्षीय रहाणे ने 30 जुलाई को इंटरनेशनल और भारतीय घरेलू क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। इसके बाद वह विदेशी फ्रेंचाइजी लीग में खेलने के लिए पात्र हो गए हैं। ETPL उनके क्रिकेट करियर का नया अध्याय होगा।
26 अगस्त से शुरू होगी लीग
यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग का पहला सीजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक खेला जाएगा। छह टीमों वाली इस लीग के मुकाबले द हेग और डबलिन में होंगे।
रहाणे की एम्स्टर्डम फ्लेम्स की कप्तानी ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर मिचेल मार्श करेंगे।

लीग में भारतीय क्रिकेट के कई दिग्गज भी अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आएंगे। पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ डबलिन गार्डियंस के सह-मालिक हैं, जबकि रविचंद्रन अश्विन टीम की कप्तानी करेंगे।
वहीं, ग्लेन मैक्सवेल और मिचेल सेंटनर भी अलग-अलग टीमों की कमान संभालेंगे।
ऐसा रहा रहाणे का करियर
रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और कुल 8414 रन बनाए। उनके नाम 15 इंटरनेशनल शतक हैं।
2020-21 ऑस्ट्रेलिया दौरे पर विराट कोहली की गैरमौजूदगी में कप्तानी करते हुए भारत को 2-1 से ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जिताना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
आईपीएल में रहाणे ने 212 मैचों में 5367 रन बनाए हैं। 2026 में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी भी की थी।
अब यूरोपियन टी20 प्रीमियर लीग में उनकी नई पारी पर क्रिकेट फैंस की नजर रहेगी।
Also Read: फुटबॉल मैच के दौरान टूटी आफत, बिजली गिरने से खिलाड़ी की मौत, 12 लोग झुलसे

