Duleep Trophy: कौन हैं आबिद मुश्ताक? 9 विकेट लेकर वेस्ट जोन की तोड़ी कमर, नॉर्थ जोन सेमीफाइनल में

Sports News: दलीप ट्रॉफी में नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन को 52 रन से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

इस जीत के सबसे बड़े हीरो जम्मू-कश्मीर के बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक रहे, जिन्होंने पूरे मैच में 9 विकेट लेकर वेस्ट जोन की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया।

शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन के सामने 287 रन का लक्ष्य रखा था। चौथे दिन वेस्ट जोन ने 220/7 से आगे खेलना शुरू किया, लेकिन आबिद मुश्ताक ने जल्द ही तनुष कोटियन और तुषार देशपांडे को पवेलियन भेज दिया।

वेस्ट जोन की पूरी टीम 57.3 ओवर में 234 रन पर ऑलआउट हो गई। मुश्ताक ने पहली पारी में 5 विकेट लेने के बाद दूसरी पारी में 4 विकेट झटके। इस तरह उनके खाते में मैच में कुल 9 विकेट आए।

गायकवाड़ का रन आउट बना टर्निंग पॉइंट

वेस्ट जोन की शुरुआत मजबूत रही थी। कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और मुशीर खान ने तीसरे विकेट के लिए 111 रन की साझेदारी की।

गायकवाड़ ने 66 रन बनाए, जबकि मुशीर खान 96 रन बनाकर शतक से चार रन दूर रह गए।

Abid Mushtaq

वेस्ट जोन का स्कोर 195/3 था और टीम जीत की ओर बढ़ती नजर आ रही थी। लेकिन गायकवाड़ का रन आउट मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। इसके बाद वेस्ट जोन ने तेजी से विकेट गंवाए और दबाव में आ गई।

कौन हैं आबिद मुश्ताक?

29 साल के आबिद मुश्ताक जम्मू-कश्मीर के डोडा के रहने वाले हैं। उनका जन्म 17 जनवरी 1997 को हुआ था। वह बाएं हाथ से बल्लेबाजी करने के साथ स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाजी करते हैं।

दलीप ट्रॉफी के इस मुकाबले में उनके प्रदर्शन ने उन्हें एक बार फिर घरेलू क्रिकेट के प्रतिभाशाली स्पिनरों की सूची में चर्चा में ला दिया है।

वेस्ट जोन को हराने के बाद नॉर्थ जोन अब दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहुंच गया है। वहां उसका सामना साउथ जोन से होगा।

दूसरा सेमीफाइनल ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन के बीच खेला जाएगा। दोनों सेमीफाइनल मुकाबले 30 अगस्त से शुरू होंगे।

Also Read: गौतम गंभीर के फैसलों पर सवाल, लेकिन मैदान पर दिख रहा असर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.