GATE 2027 Registration शुरू, IIT-IISc और PSU में मौका, जानें फीस-एग्जाम डेट
GATE 2027 Registration: इंजीनियरिंग और साइंस के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। GATE 2027 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 27 अगस्त 2026 से शुरू हो गया है। इस साल परीक्षा का आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मद्रास (IIT Madras) कर रहा है। उम्मीदवार GOAPS पोर्टल के जरिए gate2027.iitm.ac.in पर आवेदन कर सकते हैं।
बिना लेट फीस फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 27 सितंबर 2026 है। इसके बाद 5 अक्टूबर तक लेट फीस के साथ आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन में सुधार का मौका 14 से 21 अक्टूबर तक मिलेगा। परीक्षा 6, 7, 13, 14, 20 और 21 फरवरी 2027 को होगी।
कौन दे सकता है परीक्षा, जानें कितनी है फीस
GATE 2027 के लिए अधिकतम आयु सीमा नहीं है। इंजीनियरिंग, टेक्नोलॉजी, आर्किटेक्चर, साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स में ग्रेजुएशन कर चुके छात्र और तीसरे या चौथे वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार नियमों के अनुसार 30 विषयों में से एक या दो पेपर चुन सकते हैं।
महिला, SC, ST और PwD उम्मीदवारों के लिए नियमित अवधि में फीस 1,000 रुपये प्रति पेपर है। अन्य उम्मीदवारों के लिए यह 2,000 रुपये प्रति पेपर है।
3 घंटे की परीक्षा, MCQ में नेगेटिव मार्किंग
GATE पेपर 100 अंकों का होगा। इसमें 15 अंक जनरल एप्टीट्यूड और 85 अंक चुने गए विषय से होंगे। परीक्षा केवल अंग्रेजी माध्यम में होगी। प्रश्न MCQ, MSQ और NAT फॉर्मेट में आएंगे। MCQ में गलत जवाब पर एक अंक के सवाल में 1/3 और दो अंक के सवाल में 2/3 अंक कटेंगे। MSQ और NAT में नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
आवेदन के लिए GOAPS पर DigiLocker से रजिस्ट्रेशन कर व्यक्तिगत-शैक्षणिक जानकारी भरनी होगी। फोटो, सिग्नेचर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद परीक्षा शहर चुनकर फीस जमा करनी होगी। फॉर्म सबमिट करने के बाद इसकी कॉपी सुरक्षित रखें।

