पहले दिखाया 30% का मुनाफा, फिर 1.27 करोड़ उड़ाए, लखनऊ में निवेश के नाम पर ठगी
Online Investment Scam in Lucknow: लखनऊ में शेयर बाजार में निवेश (Stock Market Investment) के नाम पर कारोबारी से 1.27 करोड़ रुपये की ठगी (Cyber Fraud) का मामला सामने आया है। सुशांत गोल्फ सिटी के सेलीब्रिटी मीडोज अपार्टमेंट निवासी कारोबारी अरशद अहमद (Arshad Ahmed) को जालसाजों ने 30 फीसदी गारंटी रिटर्न का झांसा दिया और धीरे-धीरे करोड़ों रुपये निवेश करा लिए।
अरशद के मुताबिक, कुछ महीने पहले उनके WhatsApp पर शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा एक मैसेज आया था। इसमें 30 फीसदी तक मुनाफे की गारंटी का दावा किया गया था। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद वह करीब एक हजार सदस्यों वाले व्हाट्सऐप ग्रुप में जुड़ गए।
फर्जी मुनाफा दिखाकर बढ़वाते गए रकम
ग्रुप में लगातार लोगों के निवेश पर मुनाफा होने के स्क्रीनशॉट (Profit Screenshots) शेयर किए जा रहे थे। इससे कारोबारी को भी भरोसा हो गया। जालसाजों ने इसी तरीके से उन्हें निवेश के लिए तैयार किया और धीरे-धीरे उनसे करीब 1.27 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
जब अरशद ने अपने खाते में दिखाई जा रही रकम निकालने की कोशिश की तो ठगी का असली खेल सामने आया। जालसाजों ने पैसे निकालने के लिए उनसे निवेश टैक्स, GST, प्रोसेसिंग चार्ज और दूसरी फीस के नाम पर अतिरिक्त रकम मांगनी शुरू कर दी।
इसके बाद कारोबारी को अपने साथ हुई ऑनलाइन निवेश ठगी (Online Investment Scam) का शक हुआ। उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
बैंक खातों और WhatsApp ग्रुप की जांच
साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर आलोक राव ने बताया कि पीड़ित ने जिन बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की है, उन्हें फ्रीज कराने के लिए संबंधित बैंकों से संपर्क किया जा रहा है। इसके साथ ही उस व्हाट्सऐप ग्रुप की भी जांच की जा रही है, जिसके जरिए कारोबारी को जाल में फंसाया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ग्रुप को कौन संचालित कर रहा था और रकम किन-किन खातों में पहुंची। मामले में बैंक लेनदेन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: लखनऊ में ‘डिजिटल अरेस्ट’ कर दो बुजुर्गों से ठगे 1.30 करोड़, पुलिस ने 42 लाख कराए फ्रीज

