अफगानिस्तान T20 सीरीज और एशियन गेम्स से बाहर हुए हर्षित राणा, इस गेंदबाज की हुई एंट्री

Harshit Rana: अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से शुरू हो रही तीन मैचों की T20I सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज हर्षित राणा चोट के कारण इस सीरीज के साथ-साथ 2026 एशियन गेम्स से भी बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई की मेंस सिलेक्शन कमिटी ने उनकी जगह विदर्भ के तेज गेंदबाज यश ठाकुर को दोनों टीमों में शामिल किया है।

बीसीसीआई के मुताबिक हर्षित बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब के दौरान अच्छी प्रगति कर रहे थे। हालांकि, 7 सितंबर को एक मैच सिमुलेशन के दौरान गेंदबाजी करते समय उन्हें रेक्टस फेमोरिस स्ट्रेन हो गया। इसके बाद उन्हें टीम से बाहर करने का फैसला लिया गया।

यश ठाकुर को मिला मौका

27 वर्षीय यश ठाकुर ने जुलाई में भारत के जिम्बाब्वे दौरे पर T20I डेब्यू किया था। उन्होंने वहां दो मुकाबलों में चार विकेट लिए थे। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 50 मैचों में यश के नाम 81 विकेट हैं और उनका इकॉनमी रेट 7.04 रहा है। आईपीएल में भी उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है।

दोनों टीमों में शामिल हुए यश

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारत की टीम में श्रेयस अय्यर कप्तान और तिलक वर्मा उपकप्तान हैं। टीम में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और अब यश ठाकुर तेज गेंदबाजी विकल्प होंगे।

एशियन गेम्स की टीम में भी यश को शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने जापान के खिलाफ 22 सितंबर के मुकाबले की अलग टीम की जानकारी नहीं दी है। हालांकि, माना जा रहा है कि एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम ही इस एकमात्र T20I में खेलेगी।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.