Bareilly News: ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली की थाना कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाने वाले एक शातिर अंतरजनपदीय गिरोह का भांडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई 2 ई-रिक्शा, 1 बैटरी, घटना में प्रयुक्त 2 ऑटो रिक्शा और एक 12 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी भोले-भाले चालकों को सवारी बनकर बुक करते थे और फिर उन्हें शराब या नशीला पदार्थ पिलाकर ई-रिक्शा पार कर देते थे।
मामले की शुरुआत 15 सितंबर को हुई, जब शाहजहांपुर निवासी ई-रिक्शा चालक पप्पू ने थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित के अनुसार, 11 सितंबर को सैटेलाइट पुल के पास से दो अज्ञात युवकों ने 400 रुपये में उसका ई-रिक्शा बुक किया। रास्ते में आरोपियों ने चालक को शराब पिलाई और जैसे ही वह लघुशंका के लिए रुका, आरोपी उसका ई-रिक्शा लेकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मु.अ.सं. 453/26 धारा 303 (2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
नकटिया पुल के पास से दबोचे गए तीनों अभियुक्त
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 17 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे सेटेलाइट से नकटिया जाने वाले पुल के पास से तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान सलीम (40 वर्ष), दिनेश (22 वर्ष) और अंकित ठाकुर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी जनपद बदायूं के थाना हजरतपुर क्षेत्र के रहने वाले हैं।
बरेली और बदायूं में दर्जनों वारदातों को दे चुके हैं अंजाम
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे ऑटो से बरेली आकर सीधे-साधे ई-रिक्शा चालकों को शिकार बनाते थे। आरोपियों ने 11 सितंबर को कैंट, 13 सितंबर को सुभाषनगर (महेशपुरा फाटक) और 3 सितंबर को बिनावर (बदायूं) क्षेत्र में चालकों को नशा देकर ई-रिक्शा व बैटरियां चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, तीनों आरोपियों पर बरेली और बदायूं के अलग-अलग थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पृथ्वी शॉ की मंगेतर आकृति अग्रवाल ने तोड़ी सगाई, सोशल मीडिया पर दी अलग होने की जानकारी

