23 दिन बाद गाजियाबाद की रेप पीड़ित नर्स की FIR हुई दर्ज, पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की

Ghaziabad Nurse Rape Case: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में रेप का आरोप लगाने वाली नर्स की शिकायत पर आखिरकार 23 दिन बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने मोरटा निवासी अंकित गुर्जर को आरोपी बनाया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मामले में रिपोर्ट दर्ज होने से पहले नर्स ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था। इस मामले में एनबीटी की रिपोर्ट के बाद पुलिस की ओर से FIR दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

सुनसान साइट पर ले जाने का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, 25 अगस्त की रात वह राजनगर एक्सटेंशन में थी। इसी दौरान अंकित गुर्जर कार लेकर वहां पहुंचा और कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ ले गया। नर्स का आरोप है कि आरोपी उसे मोरटा इलाके में एक सुनसान निर्माणाधीन बिल्डर साइट पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

पीड़िता ने विरोध करने पर मारपीट और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। उसका दावा है कि आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो भी बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर डराया। साथ ही मोबाइल फोन छीनने का भी आरोप है।

112 पर कॉल के बाद पुलिस पहुंची

नर्स के अनुसार, घटना (Ghaziabad Nurse Rape) के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। आरोपी उसे एक सोसायटी के बाहर छोड़कर चला गया। इसके बाद उसने रात 12:59 बजे पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर कॉल किया। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने साथ ले गई। पीड़िता का कहना है कि उसने लिखित शिकायत दी थी और पुलिसकर्मी कथित घटनास्थल तक भी पहुंचे थे।

घटना के बाद नर्स की तबीयत खराब रही। उसे गाजियाबाद के सरकारी अस्पताल में करीब दो दिन और दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में करीब छह दिन भर्ती रहकर इलाज कराना पड़ा।

पीड़िता ने आरोप लगाया था कि मेडिकल कराने और शिकायत देने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। उसने यह भी दावा किया था कि उसे 1.50 लाख रुपये लेकर मामला खत्म करने के लिए कहा गया था। इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

अब पुलिस ने अंकित गुर्जर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Also Read: Lucknow News: डायल-112 सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, गर्भपात के लिए बनाया दबाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.