कानपुर में अवैध कब्जे पर चला केडीए का बुलडोजर, बाउंड्री वॉल समेत निर्माण ध्वस्त

Kanpur News: कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) ने ग्राम बरी में सरकारी भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। केडीए की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए करीब 500 वर्गमीटर की भूमि पर बनी बाउंड्री वॉल और कमरों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अनुसार, आराजी संख्या 314 स्थित यह जमीन केडीए के स्वामित्व वाली सरकारी संपत्ति है।

सुबह में केडीए की टीम पुलिस, पीएसी और महिला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसीपी स्तर के अधिकारी भी तैनात रहे। टीम ने सबसे पहले अतिक्रमण कर खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को गिराया और उसके बाद भीतर बने पक्के निर्माणों को ध्वस्त कर पूरी जमीन को अपने कब्जे में ले लिया।

कानूनी प्रक्रिया और नोटिस का पालन

केडीए के जोन-3 (भूमि बैंक अनुभाग) द्वारा उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 26(क)(4) के तहत संबंधित मुस्लिम कब्रिस्तान कमेटी के प्रबंधक को पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। उनसे जमीन के मालिकाना हक और निर्माण को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसमें संतोषजनक जवाब न मिलने पर ध्वस्तीकरण की चेतावनी दी गई थी।

हाईकोर्ट से खारिज हो चुकी थी याचिका

केडीए के ओएसडी शत शुक्ला ने बताया कि संबंधित पक्ष को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया था। इसके खिलाफ संबंधित पक्ष हाईकोर्ट भी गया था, लेकिन अदालत ने उनकी रिट याचिका खारिज कर दी। आदेश के बावजूद जब अवैध निर्माण खुद नहीं हटाया गया, तो प्राधिकरण ने यह कदम उठाया। केडीए ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई केवल सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे तक ही सीमित रही है।

Also Read: रूस-ईरान पर ट्रंप ने कसा शिकंजा, नए कड़े प्रतिबंध कानून पर किए हस्ताक्षर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.