सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाएं, जनता दर्शन में केशव मौर्य ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन में आने वाले प्रार्थना पत्रों का संबंधित विभाग पात्रता के आधार पर तत्काल परीक्षण करें और जरूरतमंदों को योजनाओं से जोड़ें, ताकि आम जनता को सरकारी सहायता प्राप्त करने के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।
उपमुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को नियमत: आवास आवंटित किए जाएँ। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने पेयजल, बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई करने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीबों के उपचार हेतु मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से वित्तीय सहायता की प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए।

युवाओं के स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान
युवाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को रेखांकित करते हुए मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत पात्र युवाओं को नए उद्योग स्थापित करने में मदद दी जाए। इसके लिए बैंकों और संबंधित प्रशासनिक विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम और पीएमएफएमई योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयाँ व स्वरोजगार स्थापित करने वाले आवेदकों को नियमानुसार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा उत्तर प्रदेश खाद्य प्रसंस्करण उद्योग नीति-2023 के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यार्थियों को समय से छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने और महिलाओं को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा स्वयं सहायता समूहों के जरिए आजीविका से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया। उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जनसमस्याओं के समाधान में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी और डबल इंजन सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुँचाना है।
Also Read: अखिलेश यादव ने पीडीए के प्रमाणपत्र का किया ऐलान, 26 नवंबर को जारी होगा जन-मन का घोषणापत्र

