दुकान में ठगी, CCTV में कैद हुआ आरोपी, फिर भी रहीमाबाद पुलिस ने नहीं दर्ज की रिपोर्ट

Lucknow News: लखनऊ के रहीमाबाद में जनसेवा केंद्र पर बैठे 16 वर्षीय किशोर से 15 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। दुकान में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद होने के बावजूद पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं किया। अब जनसेवा केंद्र संचालक ने मुख्यमंत्री पोर्टल के IGRS माध्यम से उच्चाधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।

रहीमाबाद निवासी दीपराज गुप्ता की दारोगा चक्की स्थित न्यू यादव मार्केट में जनसेवा केंद्र की दुकान है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे उनका 16 वर्षीय बेटा दुकान पर बैठा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी से एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा। उसने किशोर से कहा कि उसे गाड़ी की किस्त जमा करनी है और एक स्कैनर के जरिए 15 हजार रुपये डलवा लिए। रकम ट्रांसफर होते ही युवक स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया।

CCTV में कैद हुई ठगी, हेलमेट पहने था आरोपी

दुकान में लगे CCTV कैमरे में ठगी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। हालांकि, आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो सकी। पीड़ित पक्ष का कहना है कि घटना के अगले दिन रविवार तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद दीपराज गुप्ता ने IGRS के जरिए शिकायत कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की।

इंस्पेक्टर पर पहले भी लगे आरोप

इससे पहले भी रहीमाबाद इंस्पेक्टर अरुण त्रिगुणायक पर चोरी की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं करने के आरोप लगे हैं। क्षेत्र में पहले हुई कुछ चोरी की घटनाओं को भी पुलिस ने दर्ज नहीं किया था।

करीब दो सप्ताह पहले इंस्पेक्टर अरुण कुमार त्रिगुणायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। यह वीडियो ग्राम गौदा मुआजमनगर में आयोजित रामलीला का बताया गया था, जिसमें उनसे अधिक उम्र के ग्रामीण उनके पैर छूते नजर आ रहे थे। हालांकि, वीडियो की पुष्टि संदेश वाहक नहीं करता है।

Also Read: लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिजिटल अरेस्ट और साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल होने वाले 6 अवैध सिम बॉक्स बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.