काशी की जनता ने BJP को दी डबल हार, सपा सरकार बनने पर चलेगी मेट्रो: अखिलेश यादव
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर करारा प्रहार किया। एमएलसी चुनाव में मिली सफलता के बाद पहली बार काशी पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि वाराणसी की जनता ने विधान परिषद चुनाव में भाजपा को हराकर बड़ा संदेश दिया है। जो लोग डबल इंजन और डबल रफ्तार के विकास का दावा करते थे, उन्हें काशी की जनता ने डबल हार और डबल जीरो थमा दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा के सत्ता से हटने के बाद ही बनारस सही मायनों में मुस्कुराएगा।
काशी की यातायात व्यवस्था पर सवाल और मेट्रो का वादा
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा गर्मजोशी से किए गए स्वागत के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने बनारस की ट्रैफिक व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में जाम की समस्या से लोग बेहाल हैं और मौजूदा सरकार इसे सुधारने में पूरी तरह विफल रही है। अखिलेश यादव ने वादा किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वाराणसी की यातायात प्रणाली को दुरुस्त करने के लिए मेट्रो रेल परियोजना का निर्माण कराया जाएगा।
पूर्वांचल विकास और भाजपा की नीतियों पर प्रहार
सपा प्रमुख ने रोपवे और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनके सहारे पूरे पूर्वांचल को जीतने का दावा करने वाले असल में जनता को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले धोखा देने वाले तो लखनऊ वाले ही हैं। उन्होंने किसानों की समस्याओं, बढ़ती बेरोजगारी और शहर की गंदगी के मुद्दों को उठाते हुए कहा कि इस सरकार के हटने पर ही नौजवानों और किसानों के लिए खुशहाली का नया रास्ता खुलेगा।
दिवंगत सपा नेता के आवास पहुंचकर दी श्रद्धांजलि
पत्रकारों से बातचीत के बाद अखिलेश यादव डाफी स्थित सपा के दिवंगत नेता राजेश यादव ‘नत्थू’ के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही उन्होंने दिवंगत नेता की पत्नी चंदा यादव एवं अन्य परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय सपा कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
Also Read: अखिलेश बाबू फरवरी में आप भी निपट जाओगे’, शिवराज सिंह चौहान का विपक्ष पर तीखा हमला

