अमेठी में 10 हजार की रिश्वत लेते कानूनगो गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल
Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एंटी करप्शन टीम ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कानूनगो को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के बाजारशुक्ल में तैनात कानूनगो संतराम को कथित तौर पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तारी बाजारशुक्ल थाने के बाहर हुई। इस कार्रवाई के बाद तहसील और राजस्व विभाग में हलचल मच गई।
जमीन की पत्थर नसब के लिए मांगी थी रिश्वत
जानकारी के मुताबिक, एक्काताजपुर गांव में जमीन की पत्थर नसब कराने के बदले कानूनगो संतराम पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप था। पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी।
शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले की जांच की और कानूनगो को पकड़ने की योजना बनाई। मंगलवार को टीम ने जाल बिछाया। आरोप है कि जैसे ही संतराम ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद कानूनगो को साथ ले गई टीम
कार्रवाई बाजारशुक्ल थाने के बाहर की गई। गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम कानूनगो संतराम को अपने साथ ले गई। घटना की खबर फैलते ही तहसील और राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
दरअसल, जमीन की सीमा और संबंधित जगहों की पहचान के लिए पत्थर नसब की प्रक्रिया राजस्व विभाग के तहत कराई जाती है। फिलहाल एंटी करप्शन टीम मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read; सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सिद्धार्थनगर पुलिस ने कसी कमर, यातायात माह में रहेगी विशेष नजर

