ओस बनी मुसीबत! गेंद के पीछे दौड़ते समय फिसले शादमान, गंभीर चोट की आशंका
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन टखने में लगी चोट, स्कैन के लिए अस्पताल पहुंचे सलामी बल्लेबाज
Sports News: बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के बीच सिलहट में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा।
सीरीज के पहले मैच में शतक जड़ने वाले सलामी बल्लेबाज शादमान इस्लाम फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए।
टखने में चोट लगने के बाद वह दर्द से मैदान पर गिर पड़े। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर की मदद से मैदान से बाहर ले जाया गया।
यह घटना वेस्टइंडीज की पहली पारी के 78वें ओवर में हुई। मेहदी हसन मिराज की गेंद पर आमिर जंगू ने फाइन लेग की दिशा में शॉट खेला।
स्लिप में तैनात शादमान गेंद के पीछे दौड़े, लेकिन उसे उठाने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया और गिरते समय टखना मुड़ गया। रीप्ले में आउटफील्ड पर ओस भी दिखाई दी, जिससे पैर फिसलने की आशंका जताई गई।
चोट के बाद शादमान काफी देर तक मैदान पर दर्द से कराहते रहे। बांग्लादेश के खिलाड़ी भी उनके पास पहुंचे और उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताई।

बाद में उन्हें स्कैन के लिए अस्पताल ले जाया गया।
बांग्लादेश की बढ़ी चिंता
शादमान की चोट कितनी गंभीर है और वह मुकाबले में आगे खेल पाएंगे या नहीं, इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
उनकी उपलब्धता को लेकर मेडिकल अपडेट का इंतजार है। यदि वह आगे खेलने में असमर्थ रहते हैं तो बांग्लादेश की बल्लेबाजी और टीम संयोजन पर असर पड़ सकता है।
मुकाबले के पहले दिन वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 235 रन बनाए थे। खराब रोशनी के कारण दिन का खेल 70 ओवर के बाद समय से पहले समाप्त करना पड़ा। दूसरे दिन कैरेबियाई टीम ने अपनी पहली पारी को आगे बढ़ाया।

