“AAP अब गठबंधन का हिस्सा नहीं”, INDIA Alliance की बैठक से पहले संजय सिंह का बड़ा बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली में सोमवार को होने वाली INDIA Alliance Meeting की अहम बैठक से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) ने बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने साफ कहा है कि आम आदमी पार्टी अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। उनके इस बयान के बाद विपक्षी एकता को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान संजय सिंह ने INDIA गठबंधन की बैठक को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अब उस गठबंधन की सदस्य नहीं है। इसलिए गठबंधन की रणनीति या बैठक पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन के नेता खुद बताएंगे कि आगे की राजनीतिक रणनीति क्या होगी और वे किस दिशा में आगे बढ़ने जा रहे हैं।

बैठक से पहले बढ़ी सियासी हलचल

दिल्ली में सोमवार को INDIA गठबंधन के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। ऐसे समय में AAP की ओर से आया यह बयान विपक्षी राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। खासकर तब, जब लोकसभा चुनाव के बाद विपक्षी दलों की आगे की रणनीति को लेकर लगातार चर्चाएं चल रही हैं।

हालांकि आम आदमी पार्टी की ओर से फिलहाल गठबंधन से अलग होने को लेकर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन संजय सिंह की टिप्पणी ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Also Read: ‘करोड़ों का चढ़ावा गायब’… राम मंदिर को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.