‘करोड़ों का चढ़ावा गायब’… राम मंदिर को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा दावा

UP News: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम को लेकर सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री Akhilesh Yadav ने दावा किया है कि मंदिर में चढ़ावे के रूप में आई करोड़ों रुपये की राशि का हिसाब स्पष्ट नहीं है और रकम गायब होने की बात सामने आई है। इस मामले को लेकर उन्होंने सवाल उठाते हुए न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेने की मांग की है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि दुनिया भर के करोड़ों राम भक्तों की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अगर चढ़ावे की रकम को लेकर कोई गड़बड़ी हुई है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों को सामने आकर जवाब देना चाहिए।

सपा ने ट्रस्ट से मांगा पूरा हिसाब-किताब

मामले को लेकर समाजवादी पार्टी की मीडिया सेल ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी की ओर से कहा गया कि यदि चढ़ावे की रकम में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो ट्रस्ट को सार्वजनिक रूप से बताना चाहिए कि अब तक कितनी राशि दान में मिली, उसका उपयोग कहां-कहां किया गया और वर्तमान में कितना धन उपलब्ध है।

सपा ने कहा कि श्रद्धालुओं द्वारा दी गई राशि का पूरा लेखा-जोखा सार्वजनिक होना चाहिए। पार्टी का आरोप है कि यदि दान की रकम में किसी तरह का हेरफेर हुआ है तो यह भक्तों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला मामला है।

ट्रस्ट के ट्रस्टी का आया जवाब

विवाद बढ़ने के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ट्रस्टी Mahant Dinendra Das ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें भगवान राम की व्यवस्था और न्याय पर पूरा भरोसा है। यदि किसी स्तर पर कोई गलत काम हुआ होगा तो उसका फैसला स्वयं भगवान राम करेंगे और दोषियों को दंड मिलेगा।

फिलहाल चढ़ावे की रकम को लेकर उठे सवालों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। हालांकि इस मामले में ट्रस्ट की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Also Read: UP चुनाव से पहले सियासी दांव-पेंच, SP के PDA फॉर्मूले पर राजभर का सवाल, BJP ने गैर-यादव OBC पर बढ़ाया फोकस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.