आकाश आनंद के समर्थन में बसपा नेता ने दिया इस्तीफा, मायावती के फैसले पर जताई नाराजगी
BSP News: आकाश आनंद को बसपा से पूरी तरह मुक्त करने के मायावती के फैसले के बाद पार्टी में नाराजगी सामने आने लगी है। गुरुवार को मऊ जिले की मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा सीट से 2022 में बसपा प्रत्याशी रहे धर्म सिंह गौतम ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा मायावती को भेजा है।
धर्म सिंह ने कहा कि वह लंबे समय से बसपा के लिए काम कर रहे हैं। उनके मुताबिक लोकसभा चुनाव के बाद आकाश आनंद को कई बार पार्टी से बाहर किया गया और फिर वापस लिया गया। गुरुवार के फैसले से वह काफी आहत हुए।
बोले- युवाओं में बढ़ सकती है नाराजगी
धर्म सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कुछ महीने ही बचे हैं और युवा पीढ़ी आकाश आनंद को अपना नेता मान रही थी। उनके मुताबिक चुनाव से पहले ऐसा फैसला युवाओं में नाराजगी बढ़ा सकता है और इसका नुकसान बसपा को चुनाव में उठाना पड़ सकता है।
इस्तीफा देने के बाद धर्म सिंह ने अन्य बसपा पदाधिकारियों से पार्टी में बने रहने और संगठन के लिए काम करते रहने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि इस्तीफे की घोषणा के बाद कई लोगों ने उन्हें फोन कर राय मांगी थी।
मायावती ने आकाश को पार्टी से किया मुक्त
मायावती ने गुरुवार को पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक सिद्धार्थ के राजनीति और सामाजिक जीवन से ‘संन्यास’ के ऐलान के बाद आकाश आनंद को पार्टी से पूरी तरह मुक्त करने की घोषणा की। उन्होंने आकाश की ओर से अशोक सिद्धार्थ की बुधवार की पोस्ट रीपोस्ट नहीं किए जाने पर सवाल उठाए।
मायावती ने कहा कि इससे आकाश और सिद्धार्थ के पार्टी व बहुजन आंदोलन से ज्यादा निजी और पारिवारिक हितों से जुड़े होने का सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि आकाश को 3 सितंबर को राष्ट्रीय संयोजक समेत सभी अहम जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया था और अब उन्हें पार्टी से भी पूरी तरह आजाद कर दिया गया है। हालांकि, मायावती ने यह स्पष्ट नहीं किया कि आकाश को औपचारिक रूप से निष्कासित किया गया है या नहीं।

