Bareilly News: बाइक चोरी का खुलासा, चोरी की मोटरसाइकिल के साथ 2 चोर गिरफ्तार

Bareilly News: बरेली जिले की आंवला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी की वारदात का सफल अनावरण किया है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर अभियुक्तों को धर दबोचा। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की बाइक के अलावा तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया है।

घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 9 सितंबर 2026 को ग्राम कसूमरा निवासी मनोज मौर्य (32 वर्ष) ने आंवला थाने में तहरीर दी थी। उनकी हीरो स्प्लेंडर प्रो बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 25 BL 8669) को अज्ञात चोरों ने चुरा लिया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।

इसी दौरान देर रात रेवती स्टेशन तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की। चालान ऐप से सत्यापन करने पर बरामद बाइक वही निकली जो कसूमरा से चोरी हुई थी। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन दिवाकर (21 वर्ष), निवासी ग्राम रहटुइया (थाना आंवला) और नक्षत्र उर्फ छोटू (22 वर्ष), निवासी ग्राम राजगढ़ कुम्भी (थाना मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे दोस्त हैं और मिलकर छोटी-मोटी चोरियां करते हैं।

वे चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में जा रहे थे। पुलिस ने उनके पास से 3 मोबाइल फोन (1 रियलमी और 2 ओप्पो) भी बरामद किए। इसके अलावा आरोपी अमन द्वारा मौके पर छोड़ी गई पल्सर मोटरसाइकिल (UP 25 EE 1322) को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया, जो उसकी मां के नाम पर पंजीकृत थी। इस त्वरित और सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली आंवला थाना पुलिस टीम में उप-निरीक्षक मोहम्मद इशहाक, उप-निरीक्षक ऋषिपाल सिंह, हेड कांस्टेबल उमेश कुमार और कांस्टेबल सचिन कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: मीठा नहीं खाते फिर भी बढ़ रही शुगर, तनाव हो सकता है वजह, जानें कोर्टिसोल का असर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.