Amethi News: ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ में फंसे ATM कार्ड बदलने वाले शातिर लुटेरे, 19 कार्ड और चोरी की बाइक बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेठी कोतवाली पुलिस ने बैंकों के एटीएम में मदद के बहाने कार्ड बदलकर ग्राहकों के खाते साफ करने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने प्रतापगढ़ निवासी दो शातिर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, नकदी और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
चेकिंग के दौरान धरे गए प्रतापगढ़ के शातिर ठग
पुलिस अधीक्षक अमेठी, सरवणन टी. द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के तहत मंगलवार को अमेठी पुलिस को यह बड़ी कामयाबी मिली। क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान विशाल कोरी (22 वर्ष) और शिवा सरोज (23 वर्ष) निवासी प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
बातों में उलझाकर देखते थे पिन, फिर कर देते थे ‘खेल’
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने ठगी का चौंकाने वाला तरीका बताया। ये बदमाश एटीएम बूथ के बाहर खड़े होकर शिकार का इंतजार करते थे। जैसे ही कोई बुजुर्ग, महिला या कम पढ़ा-लिखा व्यक्ति पैसा निकालने आता, ये मदद के बहाने अंदर घुस जाते थे। बातों में उलझाकर चुपके से पिन कोड देख लेते और मौका मिलते ही हाथ की सफाई से असली कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा देते थे। जब तक पीड़ित को कुछ समझ आता, ये उसके खाते से पैसे निकालकर फरार हो जाते थे।
गौरीगंज की बारात से चोरी की थी बाइक
अभियुक्तों ने कबूल किया कि बरामद ‘होंडा शाइन’ मोटरसाइकिल उन्होंने गौरीगंज में एक बारात से चोरी की थी। पकड़े जाने के डर से उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट भी बदल दी थी। हाल ही में इन बदमाशों ने अमेठी के सगरा तिराहा के पास एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर 4000 रुपये पार किए थे, जिनमें से शेष रकम पुलिस ने बरामद कर ली है।
पुलिस की बरामदगी एक नजर में
बरामदगी: 19 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, ₹2500 नगद।
वाहन: चोरी की एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (फर्जी नंबर प्लेट)।
कार्रवाई: थाना अमेठी और गौरीगंज में दर्ज मुकदमों में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी कर आरोपियों को जेल भेजा गया।
Also Read: IPL 2026: प्लेऑफ की रेस में बड़ा ट्विस्ट, बारिश ने बढ़ाई CSK की टेंशन, DC मुकाबला रद्द होने का खतरा

