Bulandshahr: पहले की हत्या, फिर पुलिस को फोन, 55 लाख के लिए ने भतीजे ने चाचा को गोलियों से भूना
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में पैसों के विवाद ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी दी, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। 55 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर चल रहा पुराना विवाद आखिरकार खूनी अंजाम तक पहुंच गया। आरोप है कि भतीजे ने खेत में काम कर रहे अपने चाचा पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हैरानी की बात यह रही कि वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी।
कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के गांव क्वार्सी में हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय बृजमोहन शर्मा उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर में इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक शोरूम का संचालन करते थे।
गुरुवार को बृजमोहन शर्मा अपने बेटे के साथ खेत की जुताई करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद उनके भतीजे कृष्णकांत से 55 लाख रुपये के पुराने लेनदेन को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कृष्णकांत ने तमंचा निकाल लिया और अपने चाचा पर फायरिंग कर दी। गोली बृजमोहन के सिर और सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार नहीं हुआ। उसने खुद डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को बताया कि उसने अपने चाचा की हत्या कर दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद कर लिया है।
55 लाख रुपये बना विवाद की जड़
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ वर्ष पहले बृजमोहन शर्मा ने अपनी जमीन गिरवी रखी थी। बाद में जमीन छुड़ाने के लिए उन्होंने अपने भतीजे कृष्णकांत से 55 लाख रुपये लिए थे।
बताया जा रहा है कि कृष्णकांत लंबे समय से अपनी रकम वापस मांग रहा था। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। गुरुवार को खेत पर आमना-सामना होने के बाद मामला हिंसा में बदल गया।
आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज
मृतक की पत्नी आशा रानी की शिकायत पर पुलिस ने कृष्णकांत समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में पैसों का विवाद ही हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Bulandshahr की इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि जब आर्थिक विवाद रिश्तों पर हावी हो जाते हैं, तो परिवार के भीतर भी हालात कितने भयावह हो सकते हैं।

