जनता दर्शन में सीएम योगी ने अफसरों को चेताया, बोले- जनता की संतुष्टि ही आपकी सफलता

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर जनता की समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन को कड़े और मानवीय निर्देश दिए हैं। सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता हर पीड़ित को न्याय और हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।

“संवेदनशीलता ही सुशासन की पहली शर्त”

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा हर पीड़ित के साथ संवेदनशीलता बरती जाए। समस्या का सिर्फ निस्तारण नहीं, बल्कि उसका ऐसा समाधान होना चाहिए जिससे पीड़ित पूरी तरह संतुष्ट हो। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं से वंचित पाया जाता है, तो उसे तत्काल लाभ उपलब्ध कराना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।

कैंसर मरीज के इलाज के लिए बढ़ाया मदद का हाथ

जनता दर्शन में अपने परिजन के कैंसर के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंची एक महिला को मुख्यमंत्री ने ढांढस बंधाया। सीएम ने महिला से कहा, “घबराइए मत, इलाज में पूरी मदद की जाएगी। मरीज को उच्चीकृत सरकारी अस्पताल में दिखाकर वहां से इलाज का इस्टीमेट मंगवा लीजिए, शासन तत्काल धनराशि जारी करेगा।”

बेटियों की पढ़ाई और बुजुर्गों की पेंशन पर विशेष ध्यान

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का एक भावुक और संवेदनशील चेहरा भी सामने आया। एक छोटी बच्ची ने जब अपनी खराब आर्थिक स्थिति के कारण स्कूल की फीस जमा न कर पाने की व्यथा सुनाई, तो मुख्यमंत्री ने तुरंत अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिटिया की स्कूली फीस की व्यवस्था सरकार की ओर से की जाए ताकि उसकी शिक्षा न रुके।

जनपद सिद्धार्थनगर से आई एक जरूरतमंद महिला की फरियाद सुनते ही सीएम ने अधिकारियों को उसे तत्काल पेंशन और अन्य पात्र योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के इस रुख से जनता दर्शन में आए फरियादियों में उम्मीद की नई किरण जगी है।

Also Read: आगरा अग्निवीर भर्ती में ‘सेंधमारी’: 3 लाख में पक्की नौकरी का ‘ठेका’, ऐसे धरा गया फिजिकल एकेडमी संचालक

Get real time updates directly on you device, subscribe now.