Hapur News: शादी की डिमांड बनी मौत की वजह, नाबालिग बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड को उतारा मौत के घाट

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में हुए बहुचर्चित शिवानी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो मृतका का नाबालिग बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी।

जंगल में मिला था छात्रा का शव 

हाफिजपुर थाना क्षेत्र के उबारपुर के जंगल में सोमवार को ग्रामीणों ने एक युवती का शव देखा था। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अरविंद चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मौके पर जांच में सामने आया कि युवती की ईंट से सिर कुचलकर हत्या की गई है।

पुलिस ने मृतका की पहचान करने की कोशिश की, जिसके बाद पता चला कि शव ग्राम भदस्याना निवासी शिवानी का है, जो बीए की छात्रा थी। परिजनों ने बताया कि वह सोमवार सुबह बैंक जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने शव की शिनाख्त की और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया।

प्रेम प्रसंग और शादी का दबाव बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि शिवानी और आरोपी नाबालिग के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन शिवानी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि आरोपी इसके लिए तैयार नहीं था।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। शिवानी ने उसे धमकी दी थी कि वह उसकी बात सबको बता देगी और उस पर आरोप लगाएगी। इसी गुस्से में आकर आरोपी ने ईंट से कई बार वार कर शिवानी की हत्या कर दी।

CCTV से मिला सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और जल्द से जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस की तीन टीमों को जांच में लगाया गया।

थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना और CCTV फुटेज की मदद से पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके आधार पर आरोपी को ग्राम सादिकपुर के पास सलाई कट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। फिलहाल आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.