Ghaziabad News: पुलिस और वाहन चोरों की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो गिरफ्तार
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में स्वाट टीम की अपराध शाखा और इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। 9 सितंबर को कनावनी पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ब्रेजा कार को रुकने का इशारा किया था। चालक ने कार रोकने के बजाय उसे पीछे मोड़कर तेजी से भगाने की कोशिश की, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराई।
कार टकराने के तुरंत बाद उसमें सवार दोनों संदिग्ध उतरकर भागने लगे और पीछा कर रही पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कार चला रहे आरोपी गुड्डू कुमार के पैर में गोली लग गई। पैर में गोली लगने से घायल हुए गुड्डू को पुलिस ने तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा। वहीं घटना के बाद इलाके में की गई कॉम्बिंग के दौरान पुलिस ने उसके साथी छोटू कुमार को भी मौके से धर दबोचा।
नेपाल का रहने वाला है मुख्य आरोपी
पुलिस जांच में पकड़े गए आरोपियों की पहचान 43 वर्षीय गुड्डू कुमार और 36 वर्षीय छोटू कुमार के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी गुड्डू कुमार मूल रूप से नेपाल के त्रिशूली जिले का निवासी है और वर्तमान में बिहार के पटना में रह रहा था, जबकि छोटू कुमार भी पटना का ही रहने वाला है। कड़ाई से की गई पूछताछ में गुड्डू ने स्वीकार किया कि वह इससे पहले बिहार के पटना में शराब तस्करी और हरियाणा के गुरुग्राम में वाहन चोरी के मामलों में जेल जा चुका है।
चोरी की कार और असलहा बरामद
पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से इंदिरापुरम इलाके से ही चोरी की गई एक ग्रे रंग की ब्रेजा कार, एक अवैध तमंचा, दो खाली खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद कार के संबंध में इंदिरापुरम थाने में पहले से ही मुकदमा दर्ज था। फिलहाल पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड को खंगालने में जुटी है।
Also Read: ब्लू टी-शर्ट, जींस और PDA… अखिलेश यादव ने बताया सपा के नए ड्रेस कोड का राज

