‘इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा…’, DDU प्रोटेस्ट में छात्रों को दरोगा की धमकी, Video वायरल
Gorakhpur Police Viral Video: गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रों के धरने (DDU Student Protest) के दौरान हुए विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक दरोगा भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से सख्त लहजे में गाली देते हुए बात करते सुनाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में दरोगा पहले तो गाली देता है और फॉर पर छात्रों से कहते सुनाई देते हैं- ‘इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा… जान नहीं रहे हो, ये गोरखपुर पुलिस है।’ वीडियो सामने आने के बाद पुलिस के रवैये को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि, मामला सिर्फ वायरल वीडियो तक सीमित नहीं है। इसके पीछे विश्वविद्यालय परिसर में चल रहा छात्रों का आंदोलन और 8 सितंबर को उन्हें प्रशासनिक भवन से हटाने की कोशिश के दौरान हुई नोकझोंक भी है।
25 अगस्त से चल रहा था छात्रों का धरना
DDU में छात्रों का धरना 25 अगस्त से प्रशासनिक भवन के सामने चल रहा था। छात्रों की मांगों और विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं को लेकर शुरू हुआ यह आंदोलन 5 सितंबर से भूख हड़ताल (Hunger Strike) में बदल गया।
छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्जवल सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। उनका कहना था कि जब तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।
8 सितंबर को भूख हड़ताल खत्म कराने और छात्रों से बातचीत के लिए विश्वविद्यालय के एडिशनल प्रॉक्टर डॉ. वेद प्रकाश राय पुलिस और सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रशासनिक भवन पहुंचे। छात्रों से बातचीत के दौरान सहमति नहीं बन सकी और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।
प्रॉक्टर को पुलिस सुरक्षा में निकालना पड़ा
बात बढ़ने के बाद छात्रों और प्रॉक्टर के बीच नोकझोंक की स्थिति बन गई। कुछ छात्र उन्हें घेरते हुए उनकी ओर बढ़े, जिसके बाद पुलिस और विश्वविद्यालय के गार्ड ने उन्हें वहां से बाहर निकाला।
वायरल हुए दूसरे वीडियो में डॉ. वेद प्रकाश राय पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच परिसर से बाहर जाते दिखाई देते हैं। उन्हें प्रशासनिक भवन से निकालकर उनके कार्यालय तक पहुंचाया गया।
इसी घटनाक्रम के दौरान एक दरोगा का वीडियो भी रिकॉर्ड हुआ, जिसमें वह छात्रों से सख्त अंदाज में बात करते नजर आ रहे हैं। वीडियो (Gorakhpur Police Viral Video) में सुनाई दे रही ‘ये गोरखपुर पुलिस है’ वाली चेतावनी अब सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
देखें वायरल वीडियो…
Also Read: यूपी बार कौंसिल का बड़ा फैसला, सेंट्रल बार एसोसिएशन लखनऊ के अध्यक्ष-महामंत्री का रजिस्ट्रेशन सस्पेंड

