हुमायूं कबीर का ममता पर बड़ा हमला, भ्रष्टाचार और अत्याचार ने डुबोई टीएमसी की लुटिया
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में तृणमूल कांग्रेस की करारी शिकस्त और भारतीय जनता पार्टी की बड़ी जीत पर आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने टीएमसी के पतन का मुख्य कारण भ्रष्टाचार, गलत निर्णय और जनता पर किए गए अत्याचारों को बताया। कबीर ने स्पष्ट कहा कि टीएमसी को सत्ता से बाहर होना ही था और राज्य की जनता ने इस बार उन्हें सही जवाब दिया है।
टीएमसी की हार पर खुशी, भाजपा की जीत का समर्थन
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी है कि टीएमसी चुनाव हार रही है। उन्होंने पहले ही भविष्यवाणी की थी कि भाजपा को टीएमसी से अधिक सीटें मिलेंगी। भाजपा के आगे बढ़ने पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यदि बंगाल की जनता ने उन्हें वोट दिया है, तो उनके जीतने में कोई परेशानी नहीं है।
अस्पतालों और शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर घेरा
हुमायूं कबीर ने टीएमसी सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा, राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर रहा और युवाओं को नौकरियां नहीं मिलीं। सड़कों की हालत जर्जर है और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। अस्पतालों की स्थिति इतनी दयनीय है कि एक-एक बेड पर तीन-तीन मरीजों का इलाज करने की नौबत आ गई है। हुमायूं कबीर फिलहाल रेजीनगर और नाओदा विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं और उन्होंने इन दोनों सीटों पर अपनी जीत का पक्का दावा किया है।
Also Read: लखनऊ में STF का बड़ा एक्शन, BSC केमिस्ट्री पास छात्र बना अफीम तस्कर, पॉलिटेक्निक चौराहे से गिरफ्तार

