लखनऊ में STF का बड़ा एक्शन, BSC केमिस्ट्री पास छात्र बना अफीम तस्कर, पॉलिटेक्निक चौराहे से गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने राजधानी लखनऊ में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। एसटीएफ ने शातिर तस्कर मोहम्मद शहबाज उर्फ राजू को 2.20 किलोग्राम अवैध अफीम के साथ दबोचा है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है।

पॉलिटेक्निक से भूतनाथ मार्ग पर एसटीएफ ने बिछाया जाल

एसटीएफ को पिछले काफी समय से यूपी के विभिन्न जनपदों में मादक पदार्थ तस्करों के सक्रिय होने की सूचना मिल रही थी। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण में गठित टीम को मुखबिर से सटीक जानकारी मिली कि एक तस्कर बरेली से नाजायज अफीम लेकर पॉलिटेक्निक चौराहे के पास आने वाला है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने गाजीपुर थाना क्षेत्र के पॉलिटेक्निक-भूतनाथ मार्ग पर पाकड़ के पेड़ के नीचे घेराबंदी की और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद शहबाज (24 वर्ष) मूल रूप से पश्चिम चम्पारण, बिहार का रहने वाला है। पूछताछ में उसने चौंकाने वाले खुलासे किए। शहबाज ने बताया कि उसने वर्ष 2024 में बीएससी केमिस्ट्री की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह नेपाल में सिविल कंस्ट्रक्शन का काम करने लगा, जहां उसे महज 23 हजार (नेपाली) रुपये मिलते थे। कम कमाई में शौक पूरे न होने के कारण वह बिहार के ‘राहुल’ नाम के तस्कर के संपर्क में आया और अधिक मुनाफे के लालच में अफीम की तस्करी करने लगा।

जालंधर को बनाया था ठिकाना

राहुल की मौत के बाद शहबाज खुद जालंधर (पंजाब) में रहकर तस्करी का नेटवर्क चलाने लगा। वह बरेली से अफीम की खेप उठाकर पंजाब और अन्य राज्यों में सप्लाई करता था। पुलिस ने उसके पास से अफीम के अलावा 2 मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ₹4000 नगद और एक रोडवेज बस की टिकट बरामद की है।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

एसटीएफ ने अभियुक्त के खिलाफ थाना गाजीपुर (लखनऊ कमिश्नरेट) में मु0अ0सं0 148/26 के तहत NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराया है। आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है और स्थानीय पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Also Read: ‘सपा बहादुर’ के हिस्से सिर्फ अंतहीन इंतजार…’, केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश यादव पर तंज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.