Siddharthnagar News: मझौली सागर को रामसर वेटलैंड घोषित कराने की पहल तेज, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय ने तैयार किया खाका
Siddharthnagar News: जनपद सिद्धार्थनगर के मझौली सागर को रामसर वेटलैंड घोषित कराने की दिशा में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय और वन विभाग की पहल तेज हो गई है। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह के निर्देशन में वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर आशुतोष वर्मा तथा शोध छात्राओं कुमारी अनामिका सिंह और हर्षिता सिंह द्वारा तैयार किए गए रामसर इनफॉरमेशन शीट (RIS) पर जिलाधिकारी एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वन प्रभाग की उपस्थिति में चर्चा की गई।
चर्चा के बाद तैयार किए गए रामसर इनफॉरमेशन शीट को प्रो. आशुतोष वर्मा ने जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन एवं प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी डीएफओ नीला एम. को सौंपा। इस अवसर पर सिंचाई, कृषि और मत्स्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। RIS के अवलोकन के बाद जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन ने कहा कि सिद्धार्थ विश्वविद्यालय एवं वन विभाग के संयुक्त वैज्ञानिक प्रयास से मझौली सागर की जैव विविधता के संरक्षण और प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सकेगा।

वहीं डीएफओ नीला एम. ने बताया कि मझौली सागर के रामसर साइट घोषित होने से क्षेत्र में इको टूरिज्म और पर्यटकीय विकास की अपार संभावनाएं पैदा होंगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति, वनस्पति विज्ञान विभाग के प्रोफेसर एवं शोध छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: ‘इतनी फोर्स लगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा…’, DDU प्रोटेस्ट में छात्रों को दरोगा की धमकी, Video वायरल

