Siddharthnagar News: जगदंबिका पाल ने किया वत्सा स्टेशन का निरीक्षण, बोले- निर्माण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के अंतर्गत आने वाले डुमरियागंज संसदीय क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में क्षेत्रीय सांसद जगदंबिका पाल ने निर्माणाधीन संतकबीर नगर–बहराइच नई रेल लाइन परियोजना के तहत खेसरहा ब्लॉक में स्थित वत्सा रेलवे स्टेशन और ट्रैक निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धरातल पर चल रहे काम की रफ्तार का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
परियोजना की समीक्षा करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से विस्तृत फीडबैक लिया। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यह रेल मार्ग क्षेत्र के आर्थिक विकास और जनसुविधाओं के नजरिए से बेहद संवेदनशील और महत्वाकांक्षी है, इसलिए इसके काम में किसी भी प्रकार की शिथिलता या घटिया निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पूरी पारदर्शिता के साथ तय मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने पर जोर दिया।

आर्थिक और व्यावसायिक उन्नति का बनेगा आधार
निरीक्षण के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि लगभग 240 किलोमीटर लंबी यह नई रेल लाइन तराई और पूर्वांचल के पिछड़े इलाकों में विकास के नए द्वार खोलेगी। उन्होंने कहा, यह सिर्फ पटरी बिछाने का काम नहीं है, बल्कि यह इस क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों और युवाओं की आर्थिक व सामाजिक प्रगति का एक मजबूत जरिया बनेगी। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार को भारी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने आगे जोड़ा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में यह परियोजना अहम भूमिका निभाएगी। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्षों के कार्यकाल में जनकल्याण और इंफ्रास्ट्रक्चर की जो मजबूत नींव रखी गई है, यह रेल लाइन उसी का एक बेहतरीन उदाहरण है।
इस निरीक्षण कार्यक्रम और जनसभा के दौरान पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र पांडेय, पूजा पाल, उपजिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती, क्षेत्राधिकारी बांसी शिवेंद्र सिंह सहित जयंत्री मिश्रा, रमेश मणि, शिवेंद्र द्विवेदी, घनश्याम त्रिपाठी और अशोक सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनके साथ ही भारी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

