Bareilly News: मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मलिन बस्तियों में लगेंगे विशेष जन-समस्या निवारण शिविर

Bareilly News: केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश भर मं एक विशेष समेकित अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बरेली नगर निगम आगामी 5 से 21 जून 2026 तक शहर के विभिन्न इलाकों में केंद्र व राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों, विकास योजनाओं और उपलब्धियों को आम जनता के बीच ले जाएगा। अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य न केवल विकास कार्यों का प्रदर्शन करना है, बल्कि जनता की समस्याओं का सीधे मौके पर ही समाधान करना भी है।

नौमहला मलिन बस्ती में कल लगेगा विशेष शिविर

इस महाअभियान के अंतर्गत सोमवार, 8 जून को सुबह ठीक 8 बजे से वार्ड संख्या 9 स्थित नौमहला मलिन बस्ती में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। नगर निगम की टीम यहां सबसे अस्वच्छ सार्वजनिक स्थलों को चिह्नित कर विशेष सफाई अभियान चलाएगी और सिंगल-यूज प्लास्टिक व अन्य अपशिष्टों का वैज्ञानिक निस्तारण करेगी। सफाई अभियान के साथ ही इसी परिसर में सरकार आपके द्वार के स्वरूप में एक विशाल जन-समस्या समाधान शिविर भी लगाया जाएगा।

मौके पर ही होगा समस्याओं का ऑन-स्पॉट निपटारा

जिलाधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुसार, इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे नागरिकों को राहत देना है। शिविर में मुख्य रूप से निम्नलिखित व्यवस्थाएं की जाएंगी। बिजली विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग और समाज कल्याण (पेंशन योजनाएं) समेत तमाम विभागों के आला अधिकारी और कर्मचारी इस कैंप में मौजूद रहेंगे।

संबंधित विभागों द्वारा मौके पर ही विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां स्थानीय नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। समस्याओं के ऑन-स्पॉट निपटारे के साथ-साथ जिन पात्र लाभार्थियों को अब तक सरकारी योजनाओं (जैसे वृद्धावस्था/विवाहिता पेंशन, राशन कार्ड आदि) का लाभ नहीं मिल सका है, उन्हें तुरंत इन योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की कुलपति ने वैश्विक मंच पर लहराया परचम, दुनिया के शीर्ष 5% वैज्ञानिकों में मिली जगह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.