जौहर यूनिवर्सिटी ध्वस्तीकरण पर गरमाई सियासत, अजय राय ने राज्यपाल को लिखा पत्र
Ajay Rai: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने रामपुर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय की इमारतों के ध्वस्तीकरण को लेकर राज्यपाल को पत्र भेजा है। उन्होंने इस कार्रवाई पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और पूरे शिक्षा जगत में असमंजस की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने राज्यपाल से, जो प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख और सभी विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति हैं, इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की।
शैक्षणिक संस्थान देश की बौद्धिक धरोहर
अजय राय ने अपने पत्र में कहा कि शिक्षा और जनकल्याण के उद्देश्य से स्थापित विश्वविद्यालय किसी सरकार, राजनीतिक दल या व्यक्ति की संपत्ति नहीं होते, बल्कि देश की बौद्धिक धरोहर और आने वाली पीढ़ियों की अमानत हैं। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 30(1) का उल्लेख करते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों को अपनी पसंद के शैक्षणिक संस्थान स्थापित और संचालित करने का मौलिक अधिकार प्राप्त है। उनका कहना था कि यदि भवन निर्माण को लेकर कोई विवाद था तो उसका समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत किया जाना चाहिए था।
छात्रों के भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों की बात
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2013 से संचालित जौहर विश्वविद्यालय ने हजारों छात्रों को शिक्षा दी है और आज भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी यहां पढ़ रहे हैं। ऐसे में किसी भी प्रशासनिक कार्रवाई से पहले छात्रों के भविष्य, शिक्षकों और कर्मचारियों की आजीविका का ध्यान रखा जाना चाहिए।
इसी दौरान लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद की जयंती भी मनाई गई। अजय राय ने कहा कि तिलक का “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है” का संदेश और चंद्रशेखर आजाद का बलिदान आज भी देश को प्रेरित करता है। कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प भी लिया।
Also Read: नोएडा में चीनी नागरिक समेत 3 गिरफ्तार, STF ने फर्जी कंपनियों के हवाला नेटवर्क का किया भंडाफोड़

