सोनम वांगचुक के समझाने पर 4 दिन बाद देवेंद्र महतो ने किया जल ग्रहण, अनशन अब भी जारी

Devendra Mahato: झारखंड में JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर रांची में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। चार दिनों से अन्न और जल त्यागकर अनशन कर रहे देवेंद्रनाथ महतो ने बुधवार को अपना जल उपवास समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने साफ किया कि उनका अनशन अभी भी जारी रहेगा और उन्होंने अन्न ग्रहण नहीं किया है।

बताया गया कि प्रसिद्ध शिक्षाविद और वैज्ञानिक सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के जरिए देवेंद्र महतो से बातचीत की। उनकी अपील के बाद महतो ने नींबू, पानी और नमक का घोल पीकर जल उपवास खत्म किया।

रांची आने का वादा, फिर माने देवेंद्र महतो

जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे आंदोलन के दौरान सोनम वांगचुक ने देवेंद्र महतो से स्वास्थ्य का ध्यान रखने और पानी के साथ शहद लेने की सलाह दी। इस पर महतो ने कहा कि वह उनकी बहुत इज्जत करते हैं और चाहते हैं कि वांगचुक रांची आकर उनसे मुलाकात करें।

इसके जवाब में सोनम वांगचुक ने आंदोलन में शामिल होने और रांची आने का भरोसा दिया। इसके बाद देवेंद्र महतो वीडियो कॉल के दौरान ही जल उपवास समाप्त करने के लिए तैयार हो गए।

महात्मा गांधी का उदाहरण देकर समझाया

बातचीत के दौरान सोनम वांगचुक ने महात्मा गांधी के अनशन का उदाहरण देते हुए कहा कि उपवास का उद्देश्य खुद को नुकसान पहुंचाना नहीं होता। उन्होंने बताया कि गांधीजी भी लंबे अनशन के दौरान नींबू, पानी और शहद लेते थे, जिससे शरीर में ऊर्जा बनी रहती थी। इसी सलाह और समर्थन के भरोसे के बाद देवेंद्र महतो ने जल ग्रहण किया, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ उनका अनशन आगे भी जारी रहेगा।

Also Read: सुप्रीम कोर्ट की एजेंसियों को सलाह, युवाओं की बात सुनें, हिंसा से नहीं सुलझेगा मामला 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.