लखनऊ में साइबर ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, 13 राज्यों की रकम ठिकाने लगाने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस कमिश्नरेट की विकासनगर थाना पुलिस ने साइ-वज्र अभियान के तहत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी विभिन्न राज्यों में हुई साइबर ठगी की रकम अपने और परिवार के बैंक खातों में मंगवाकर कमीशन काटते थे और बाकी नकदी गिरोह के मास्टरमाइंड तक पहुंचा देते थे।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क के जरिए कुल 16,22,999 रुपये का लेनदेन किया गया। मामले से जुड़े 13 राज्यों की 20 शिकायतें एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हैं।
पूछताछ में सामने आया पूरा नेटवर्क
2 अगस्त 2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर मिली शिकायतों की जांच के दौरान पुलिस को सैफ, रेहान खान और नीरज शर्मा के बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कमीशन के लालच में ठगी की रकम निकालकर मास्टरमाइंड तक पहुंचाते थे।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के अन्य सरगना लक्ष्य यादव, हिमांशु यादव और आदर्श ठाकुर म्यूल अकाउंट के जरिए साइबर ठगी की रकम मंगवाते थे। इसके बाद नीरज शर्मा के माध्यम से नकद राशि आगे भेजी जाती थी। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मोबाइल, बैंक पासबुक और नकदी बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ (25), रेहान खान (25) और नीरज शर्मा (26) के रूप में हुई है। इनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन, आठ बैंक पासबुक, तीन चेकबुक, दो एटीएम कार्ड और 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ तमिलनाडु, बिहार, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, केरल, गुजरात, तेलंगाना, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, पंजाब और मध्य प्रदेश सहित 13 राज्यों से शिकायतें दर्ज हैं। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश और वित्तीय लेनदेन की जांच जारी है।
Also Read: लखनऊ में स्कूली वैन पर पथराव, कांवड़ियों के वेश में आए हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

