लखनऊ में स्कूली वैन पर पथराव, कांवड़ियों के वेश में आए हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह चौक के चरक चौराहे पर स्कूली वैन पर पथराव की घटना से हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़ियों के वेश में आए कुछ लोगों ने वैन चालक से विवाद के बाद हमला कर दिया। पथराव और लाठी से वार करने पर वैन के शीशे टूट गए। हालांकि, वैन में बैठे बच्चे सुरक्षित रहे और किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
बताया जा रहा है कि सुबह आधा दर्जन से अधिक बाइक सवार लोग गलत दिशा से आ रहे थे। वैन चालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कहासुनी हो गई। आरोप है कि बाइक सवारों ने चालक की पिटाई की और स्कूली वैन पर पथराव कर दिया। घटना के दौरान बच्चे डर गए और चीखने लगे। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर वहां से फरार हो गए।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ है। हालांकि, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने चौक थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में घटना से जुड़े कुछ अहम साक्ष्य मिलने की बात कही है।
तहरीर के बाद दर्ज होगा मुकदमा
इंस्पेक्टर नागेश उपाध्याय ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। वैन चालक को बुलाकर तहरीर ली जा रही है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।
Also Read: लखनऊ के कसमंडी विवादित ढांचे पर जलाभिषेक को निकला हिंदू संगठन, पुलिस ने रास्ते में रोका

