Lucknow News: रेलवे अफसर के घर CBI की रेड, अलमारी के लिफाफों से निकले ₹7.50 लाख

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई (CBI) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। नॉर्दर्न रेलवे के असिस्टेंट कमर्शियल मैनेजर (ACM) विनीत कटियार के आवास पर छापेमारी के दौरान जांच टीम को साढ़े सात लाख रुपये की संदिग्ध नगदी बरामद हुई है। यह कार्रवाई टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) के रिन्यूअल के नाम पर घूस मांगने की शिकायत के बाद की गई है। दिलचस्प बात यह है कि घर में मिले लाखों रुपयों पर अधिकारी ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उन्हें इसके स्रोत की जानकारी नहीं है।

ATVM रिन्यूअल के नाम पर मांगे थे ₹50 हजार

सीबीआई की जांच के अनुसार, एक रिटायर्ड टीटीई विनोद कुमार सिंह वाराणसी जंक्शन पर ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) का संचालन करते हैं। आरोप है कि इसके रिन्यूअल अनुमति पत्र के बदले विनीत कटियार ने 50 हजार रुपये की घूस मांगी थी। शिकायत मिलने पर सीबीआई ने सोमवार को एफआईआर दर्ज की और वृंदावन योजना स्थित उनके आवास पर धावा बोल दिया।

अलमारी में रखे अलग-अलग लिफाफों से ₹7.50 लाख नकद बरामद हुए। जब सीबीआई ने नकदी के बारे में पूछा, तो विनीत कटियार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और अनजान बन गए। छापे में कई कीमती संपत्तियों के कागजात भी मिले हैं, जिससे अब उन पर ‘आय से अधिक संपत्ति’ (DA Case) का मुकदमा दर्ज होने की तलवार लटक गई है।

हजरतगंज मुख्यालय पर एक साल में तीसरी बड़ी स्ट्राइक

हजरतगंज स्थित नॉर्दर्न रेलवे के मुख्यालय पर सीबीआई की यह सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले एक साल के भीतर यह तीसरी बार है जब सीबीआई ने यहां छापा मारकर बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा किया है। जांच में पता चला है कि विनीत कटियार को शिकायतों के चलते पहले भी इस कार्य से हटाया गया था, फिर भी वे वेंडर्स पर दबाव बना रहे थे।

अफसर का बचाव: “बदले की भावना से फंसाया गया”

दूसरी ओर, आरोपी एसीएम विनीत कटियार ने आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका दावा है कि शिकायतकर्ता की मशीन को टर्मिनेट करने की सिफारिश की थी, इसलिए बदले की भावना से शिकायत की गई। वर्तमान में एटीवीएम का कार्य उनके पास नहीं, बल्कि दूसरे अधिकारी सिद्धार्थ शंकर के पास है। सीबीआई अब बरामद दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि यह भ्रष्टाचार का खेल कितना बड़ा है और इसमें और कौन-कौन शामिल है।

Also Read: गद्दों से निकले नोट, फ्लश में छिपाई ज्वैलरी, रिटायर्ड एडिशनल कमिश्नर की दौलत देख विजिलेंस भी दंग!

Get real time updates directly on you device, subscribe now.