NEET परीक्षा से 2 दिन पहले बड़ा बदलाव, NTA ने बदला एग्जाम सेंटर, तुरंत करें चेक
NEET Exam Centre Change: नीट परीक्षा से ठीक दो दिन पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने कुछ अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। यह बदलाव उन छात्रों के लिए किया गया है जिनका परीक्षा केंद्र उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हरिवंश राय बच्चन कल्चरल सेंटर में निर्धारित था। जिला प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार निर्माण कार्य और बिजली जैसी प्रशासनिक समस्याओं के कारण परीक्षा अब पास की दूसरी इमारत में आयोजित की जाएगी।
यहां शिफ्ट किया गया नया परीक्षा केंद्र
NTA के अनुसार हरिवंश राय बच्चन कल्चरल सेंटर, जो इंडियन प्रेस चौराहा के पास और चंद्रशेखर आजाद पार्क के गेट नंबर 3 के सामने स्थित है, वहां परीक्षा नहीं होगी। अब उम्मीदवारों का परीक्षा केंद्र बदलकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सीनेट हाउस कैंपस स्थित मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग कर दिया गया है। एजेंसी ने प्रभावित सभी उम्मीदवारों के लिए नए एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। हालांकि जिन छात्रों के पास पुराने सेंटर वाला एडमिट कार्ड है, उन्हें भी आवश्यक सत्यापन के बाद नए केंद्र पर परीक्षा देने की अनुमति दी जाएगी।
WhatsApp, SMS और Email पर मिल रहे हैं जरूरी अपडेट
NTA अब परीक्षा से जुड़ी जानकारी, एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र से संबंधित अपडेट सीधे WhatsApp, SMS और Email के माध्यम से भेज रहा है। एजेंसी ने छात्रों को साइबर ठगी और फर्जी संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी है। NTA का आधिकारिक WhatsApp नंबर +91 78279 80287 है, जिस पर ब्लू वेरिफाइड टिक और National Testing Agency लिखा होना चाहिए।
NTA ने स्पष्ट किया है कि उसका WhatsApp केवल ब्रॉडकास्ट चैनल है। एजेंसी कभी भी OTP, व्यक्तिगत जानकारी या भुगतान की मांग नहीं करेगी। आधिकारिक SMS केवल NICPEP Sender ID से भेजे जाएंगे, जबकि ईमेल केवल no-reply.NEET.nta@nic.in से प्राप्त होंगे। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और एडमिट कार्ड केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही डाउनलोड करें।

