तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर, रुझानों में एक्टर विजय की TVK सबसे बड़ी पार्टी

Sandesh Wahak Digital Desk: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के शुरुआती रुझानों ने सत्तारूढ़ गठबंधन को हैरान कर दिया है। सुपरस्टार विजय की नवगठित पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (TVK) 79 सीटों पर बढ़त बनाकर राज्य में सबसे बड़ी शक्ति के रूप में उभरी है। वहीं, मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की अगुवाई वाली डीएमके 51 और एआईएडीएमके 53 सीटों पर आगे चल रही है। 234 सीटों वाली विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 118 है, जिसे देखते हुए राज्य अब त्रिशंकु विधानसभा की ओर बढ़ता दिख रहा है।

तमिलनाडु में बड़ा उलटफेर, रुझानों में एक्टर विजय की TVK सबसे बड़ी पार्टी

पुरानी तस्वीर ने बढ़ाई सियासी हलचल

रुझानों के बीच सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अभिनेता विजय की एक पुरानी तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। इस फोटो के दोबारा चर्चा में आने से कयास लगाए जा रहे हैं कि विजय, एआईएडीएमके और भाजपा वाले एनडीए गठबंधन के साथ हाथ मिला सकते हैं। हालांकि किसी भी दल ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन पीएम मोदी के साथ विजय के सौहार्दपूर्ण रिश्तों को देखते हुए नए समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।

द्रविड़ राजनीति में नई शक्ति का उदय

दशकों से द्रविड़ राजनीति के दो ध्रुवों (DMK और AIADMK) के बीच बंटे तमिलनाडु में विजय की TVK ने तीसरी ताकत बनकर सेंध लगा दी है। ‘थलापति’ विजय की जबरदस्त फैन फॉलोइंग अब चुनावी नतीजों में बदलती दिख रही है। यदि रुझान अंतिम नतीजों में तब्दील होते हैं, तो विजय न केवल किंगमेकर की भूमिका निभाएंगे, बल्कि राज्य की सत्ता की चाबी भी उन्हीं के पास होगी।

Also Read: Election Results 2026 LIVE: बंगाल के रुझानों में BJP को बहुमत, केरल में कांग्रेस की सुनामी, तमिलनाडु में विजय की TVK ने किया कमाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.