धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी संभालेंगे शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार
India new Education Minister: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय (Ministry of Education) की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) को सौंप दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर प्रह्लाद जोशी को उनके मौजूदा मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार देने की मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ ही केंद्र सरकार ने शिक्षा मंत्रालय में अंतरिम व्यवस्था लागू कर दी है।
शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार होने के कुछ ही समय बाद राष्ट्रपति भवन की ओर से अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत प्रह्लाद जोशी अब अपने वर्तमान विभागों के साथ-साथ शिक्षा मंत्रालय का कामकाज भी संभालेंगे।
प्रह्लाद जोशी (Pralhad Joshi) फिलहाल खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, उपभोक्ता मामले और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब उन्हें शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है, जिससे मंत्रालय के कामकाज में किसी तरह का प्रशासनिक व्यवधान न आए।
इस्तीफे के बाद नेताओं का लगा जमावड़ा
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद उनके आवास पर भाजपा और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी समेत कई नेताओं ने उनसे मुलाकात की।
इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि शिक्षा और युवाओं के हित में काम करना उनके सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में रहा है। उन्होंने लिखा कि वे पिछले चार दशक से छात्र, शिक्षक और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहे हैं तथा देश के युवाओं की आकांक्षाओं और उनकी न्यायोचित अपेक्षाओं का हमेशा सम्मान करते रहेंगे।
Also Read: पेपर लीक के खिलाफ कभी खाई थी लाठी, अब उसी मुद्दे पर धर्मेंद्र प्रधान को देना पड़ा इस्तीफा

