Bahraich News: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर ज्वैलर से 5 लाख की रंगदारी, दुकान में फेंका पत्र और कारतूस

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कस्बे के मुख्य बाजार स्थित ‘जगदीश ज्वेलर्स’ के मालिक चंद्र मोहन सोनी उर्फ छठ को बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने पत्र और जिंदा कारतूस भेजकर 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पत्र भेजने वाले ने खुद को कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई बताकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है।

“दरोगा पुरवा पहुंचो पैसा लेकर”

बदमाशों ने व्यापारी की दुकान पर जो पत्र फेंका, उसमें खौफनाक चेतावनी लिखी थी। पत्र में लिखा था, “तुमने बहुत धन कमाया है, 5 लाख रुपये दो नहीं तो पूरा परिवार खत्म कर देंगे।” आरोपी ने व्यापारी को पैसे लेकर शाम 7:20 बजे गोपिया मार्ग पर दरोगा पुरवा के पास पहुंचने का फरमान सुनाया। पत्र के साथ 12 बोर का एक जिंदा कारतूस भी लिपटा हुआ था, जिससे इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

पीड़ित चंद्र मोहन सोनी ने बताया कि पत्र मिलने के बाद से उनके पास अनजान नंबरों से लगातार फोन आ रहे हैं। फोन पर भी उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस घटना के बाद से सर्राफा व्यापारी का पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में है।

व्यापार मंडल का अल्टीमेटम

घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों ने तीखा आक्रोश व्यक्त किया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय सिंह ने पुलिस प्रशासन को खुली चेतावनी दी है। यदि पुलिस जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है, तो 3 अप्रैल को पूरा बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। अध्यक्ष ने सभी सर्राफा कारोबारियों से अपनी दुकानों पर तत्काल CCTV कैमरे लगवाने और सतर्क रहने की अपील की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें जांच में जुट गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्ध नंबरों को सर्विलांस पर लिया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस साजिश का पर्दाफाश कर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Also Read: अयोध्या में हनुमान जयंती पर मंदिर के शिखर पर फहराई गई 75 फीट ऊंची धर्म ध्वजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.