Siddharthnagar News: मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य के साथ सुरक्षा भी होगी मजबूत, शनिवार को होगा पुलिस चौकी का उद्घाटन

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में अब डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और मरीजों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। परिसर के भीतर किसी भी अप्रिय घटना या विवाद को रोकने के लिए आपातकालीन मुख्य द्वार के पास एक नई पुलिस चौकी का निर्माण कराया गया है। गुरुवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन ने इस नवनिर्मित चौकी का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और निर्माण से जुड़े अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

क्यों पड़ी पुलिस चौकी की जरूरत

निरीक्षण के बाद मीडिया से बात करते हुए प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि अक्सर इलाज के दौरान मरीजों के तीमारदारों और डॉक्टरों के बीच तीखी बहस, विवाद या मारपीट की घटनाएं सामने आती थीं। इससे न सिर्फ अस्पताल का माहौल खराब होता था, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं भी बाधित होती थीं।

पुलिस चौकी स्थापित होने से अब किसी भी हंगामे की स्थिति में तुरंत पुलिस बल मौके पर उपलब्ध हो सकेगा। डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ और गंभीर मरीजों को सुरक्षित माहौल मिलेगा। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए कॉलेज के हर कोने में तीन डॉक्टरों की स्पेशल टीम के मोबाइल नंबर वाले पोस्टर्स भी चपकाए गए हैं, ताकि आपातकाल में उनसे तुरंत संपर्क किया जा सके।

मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य के साथ सुरक्षा भी होगी मजबूत

साल भर से खराब एंडोस्कोपी मशीन पर लिया कड़ा एक्शन

औचक निरीक्षण के दौरान जब पत्रकारों ने प्राचार्य से नाक, कान और गला (ENT) विभाग में पिछले एक साल से बंद पड़ी ईएनटी एंडोस्कोपी मशीन को लेकर सवाल पूछा, तो उन्होंने पूरी संवेदनशीलता दिखाई। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि मशीन का बल्ब खराब होने की तकनीकी जानकारी उनके संज्ञान में आज ही आई है। उन्होंने मरीजों को राहत देते हुए आश्वासन दिया कि अगले दो दिनों के भीतर इस मशीन को पूरी तरह ठीक कराकर ईएनटी विभाग में जांच सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी।

मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य के साथ सुरक्षा भी होगी मजबूत

जगदंबिका पाल और विधायक श्यामधनी राही करेंगे उद्घाटन

प्राचार्य ने घोषणा की कि इस नवनिर्मित पुलिस चौकी का भव्य और औपचारिक उद्घाटन आगामी शनिवार को डुमरियागंज के सांसद जगदंबिका पाल और सदर विधायक श्यामधनी राही के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। इस खास मौके पर जिले के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) डॉ. अभिषेक महाजन भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से इस चौकी की स्थापना संभव हो सकी है, जो अस्पताल परिसर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करेगी।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: विराट कोहली की फिटनेस पर बड़ा अपडेट, इस सीरीज से पहले कर सकते हैं वापसी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.