‘काला हिरण’ की रिलीज रोकने HC पहुंचे सलमान, प्रोड्यूसर बोले- अभी OTT पर भी नहीं आ सकती फिल्म
Salman Khan: दिल्ली हाईकोर्ट में गुरुवार को अभिनेता सलमान खान की याचिका पर सुनवाई हुई। उन्होंने फिल्म ‘काला हिरण: बैटल फॉर लिगेसी’ की रिलीज रोकने की मांग की है। सलमान के वकील रवि प्रकाश ने कहा कि फिल्म अभिनेता की छवि खराब करने के इरादे से बनाई गई है। उनका दावा है कि फिल्म रिलीज होने से सलमान के निष्पक्ष सुनवाई के मौलिक अधिकार का उल्लंघन होगा।
याचिका में कहा गया कि फिल्म में सलमान को ऐसे कई गंभीर अपराधों में शामिल बताया गया है, जिनके लिए उन पर कभी केस चला ही नहीं। वकील ने कहा कि निर्माता अमित जानी खुद फिल्म को अक्टूबर 1998 की ब्लैकबक घटना से जुड़ी कानूनी कार्रवाई पर आधारित बता चुके हैं।
कोर्ट में ‘मीडिया ट्रायल’ का आरोप
सलमान की याचिका में कहा गया कि टीजर और प्रमोशन सामग्री में उनके नाम, शक्ल-सूरत, अंदाज, मशहूर फिल्मों और चर्चित घटनाओं के जरिए उन्हें दिखाया गया है। याचिका के मुताबिक फिल्म में नाटकीय ट्रायल, मनगढ़ंत गवाही और कथित फोरेंसिक नतीजों के जरिए उन्हें दोषी जैसा दिखाया गया है। इसे संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले मौलिक अधिकार का उल्लंघन और कोर्ट में चल रहे मामलों का ‘मीडिया ट्रायल’ बताया गया है।
याचिका में गवाहों को धमकाने, झूठी गवाही के लिए उकसाने, मेडिकल विशेषज्ञों को रिश्वत देने और जांच व न्यायिक प्रक्रिया पर दबाव डालने जैसे आरोप भी दिखाए जाने का दावा है। अंडरवर्ल्ड और अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से जोड़ने पर भी आपत्ति जताई गई है।
प्रोड्यूसर ने कोर्ट में क्या कहा?
निर्माता अमित जानी ने बताया कि फिल्म को अभी CBFC से सर्टिफिकेट नहीं मिला है, इसलिए फिलहाल इसे OTT प्लेटफॉर्म पर भी रिलीज नहीं किया जा सकता। याचिका में यह भी कहा गया कि सलमान से जुड़े चार में से तीन मामलों में वह बरी हो चुके हैं, जबकि राजस्थान हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में अपील व स्पेशल लीव पिटीशन लंबित हैं। मामले की अगली सुनवाई 30 सितंबर को होगी।

