वाराणसी एयरपोर्ट पर पायलट ने उड़ान से किया इनकार, इंडिगो यात्रियों ने किया हंगामा

Varanasi Airport: वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर गुरुवार को मुंबई जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को लेकर यात्रियों में नाराजगी फैल गई। फ्लाइट 6E-6544 को सुबह 10:45 बजे मुंबई के लिए रवाना होना था। बोर्डिंग शुरू होने से पहले यात्रियों को बताया गया कि पायलट की तबीयत खराब है और उन्होंने विमान उड़ाने में असमर्थता जताई है।

इसके बाद एयरलाइन ने बोर्डिंग रोक दी। लंबे इंतजार से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा शुरू कर दिया।

यात्रियों ने लगाए जानकारी नहीं देने के आरोप

यात्रियों का आरोप है कि उन्हें उड़ान में आई परेशानी की समय पर और स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। एक यात्री ने बताया कि कई यात्री सुबह करीब 8 बजे से एयरपोर्ट पर मौजूद हैं, लेकिन रिफ्रेशमेंट को लेकर भी कोई स्पष्ट सूचना या अनाउंसमेंट नहीं किया गया।

यात्री ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति 15 मिनट देर से एयरपोर्ट पहुंचता है तो उसे नियमों का हवाला दिया जाता है। ऐसे में एयरलाइन को भी यात्रियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था में जुटी एयरलाइन

यात्रियों के विरोध के बीच इंडिगो प्रबंधन ने बताया कि फ्लाइट के लिए वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था की जा रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पायलट की निर्धारित ड्यूटी का समय भी पूरा हो चुका था। इसी वजह से उसने उड़ान भरने से इनकार किया।

फिलहाल एयरलाइन की ओर से पूरे घटनाक्रम पर विस्तृत जानकारी तत्काल नहीं दी गई। यात्रियों को वैकल्पिक क्रू की व्यवस्था होने का इंतजार है।

Also Read: ‘काला हिरण’ की रिलीज रोकने HC पहुंचे सलमान, प्रोड्यूसर बोले- अभी OTT पर भी नहीं आ सकती फिल्म 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.