Pratapgarh News: पुलिस भर्ती में बड़ा फर्जीवाड़ा, फर्जी सर्टिफिकेट से नौकरी पाए 8 सिपाहियों पर केस दर्ज

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस भर्ती प्रक्रिया के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर नौकरी पाने वाले एक महिला समेत कुल आठ रिक्रूट आरक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2023 की सीधी भर्ती प्रक्रिया में इन सभी आरक्षियों ने कोटे का लाभ लेने के लिए फर्जी दस्तावेज लगाए थे। जांच के दौरान उनके प्रमाणपत्र संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद विस्तृत जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में सभी दस्तावेज फर्जी पाए गए और इसके बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।

अधिवक्ता की शिकायत से खुला मामला

इस पूरे मामले की शुरुआत प्रयागराज निवासी अधिवक्ता अभयराज सिंह की शिकायत से हुई थी। शिकायत में आरक्षी शुभम दुबे की भर्ती को लेकर सवाल उठाए गए थे। पहले जांच बांदा जिले में हुई, लेकिन बाद में मामला प्रतापगढ़ ट्रांसफर कर दिया गया क्योंकि सभी की तैनाती वहीं थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला सहित सभी आठ आरोपी मिर्जापुर जिले के रहने वाले हैं। दारोगा राजेश यादव की तहरीर पर नगर कोतवाली में BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच दारोगा अनुपम त्रिपाठी को सौंपी गई है।

प्रदेशभर में जांच की मांग तेज

मामला सामने आने के बाद अब यह चर्चा भी तेज हो गई है कि अगर पूरे प्रदेश में स्वतंत्रता सेनानी आश्रित कोटे की भर्तियों की जांच की जाए तो और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.